मंडी की जंजैहली घाटी में बनी फिल्म स्नो ब्राइड ओटीटी प्लेटफॉर्म पर

 


मंडी, 20 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की मनमोहक व बर्फीली वादियों, रहस्यमयी लोककथाओं, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और स्थानीय जनजीवन से जुड़ी मान्यताओं पर आधारित बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज़ 'स्नो ब्राइड' के सफल निर्माण मंडी जिला की जंजैहली में हुआ। जिसको लेकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने फिल्म की संपूर्ण यूनिट, निर्माताओं और कलाकारों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं व बधाई दी हैं।

उन्होंने बताया कि फिल्म निर्माण से जुड़ी पूरी यूनिट ने पिछले दिनों उनके गृह क्षेत्र जंजैहली में उनसे मुलाकात की थी और वहां के अद्वितीय प्राकृतिक सौंदर्य, शांत वातावरण तथा शूटिंग के अनुकूल माहौल की जमकर सराहना की थी।

जयराम ठाकुर ने कहा कि आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश में और अधिक राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्मों, वेब सीरीज़ तथा धारावाहिकों की शूटिंग लगातार होती रहेगी, जिससे प्रदेश में न केवल सिने-पर्यटन को नया आयाम मिलेगा बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के व्यापक अवसर भी उपलब्ध होंगे, और इसके लिए राज्य में शूटिंग के अनुकूल एक सुरक्षित, सुलभ और बेहतर वातावरण तैयार करने के साथ-साथ आधारभूत ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) को और अधिक सुदृढ़ व आधुनिक बनाया जाएगा।

फिल्म के लाइन प्रोड्यूसर जितेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि प्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक सीएल सैनी के कुशल निर्देशन और सीएलएस एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी यह रोमांचक 6 एपिसोड की वेब सीरीज़ आगामी 22 अक्टूबर को लोकप्रिय ओटीटी प्लेटफॉर्म हंगामा ओटीटी पर भव्य रूप से रिलीज़ होने जा रही है। यह सीरीज़ रहस्य, रोमांच, फैंटेसी, क्राइम और थ्रिलर का एक अनोखा और अद्भुत संगम है, जिसकी मुख्य कहानी हिमाचल की खूबसूरत पहाड़ियों तथा सदियों से 'यति' के अस्तित्व से जुड़े रहस्यमयी एवं कौतूहलपूर्ण सवालों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो दर्शकों को पूरे समय बांधे रखेगी और यह सोचने पर मजबूर करेगी कि यति का अस्तित्व सचमुच एक वास्तविकता है या इसके पीछे कोई गहरी और खौफनाक साजिश छिपी हुई है।

'स्नो ब्राइड' की पूरी शूटिंग हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत एवं सुरम्य जंजैहली गांव सहित आसपास के दुर्गम पहाड़ी इलाकों, शून्य से नीचे (माइनस डिग्री) तापमान, हाड़ कंपाने वाली ठंड, बर्फ से ढके विशाल मैदानों, कल-कल बहती नदियों और संकरी घाटियों के बीच बेहद कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में की गई है, ताकि हिमाचल की वास्तविक सुंदरता, प्राकृतिक माहौल और रहस्यमयी माहौल को दर्शकों के सामने हूबहू परदे पर पेश किया जा सके और

इस मुश्किल कार्य को धरातल पर सफल बनाने में मंडी निवासी लाइन प्रोड्यूसर जितेंद्र कुमार उर्फ बिनु का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा है।

इस सीरीज़ की सबसे बड़ी खासियत यह है कि स्थानीय परिवेश, बोली और संस्कृति की स्वाभाविकता को बरकरार रखने के लिए इसमें हिमाचल प्रदेश की स्थानीय प्रतिभाओं को प्राथमिकता दी गई है, जिसके तहत लगभग 60 प्रतिशत कलाकार हिमाचल प्रदेश से ही चुने गए हैं, जिनमें मुख्य रूप से भूमिका गुरुंग, मनुत, दीपराज राणा, रविश कुमार, इंद्रजीत, ईशान भार्गव, श्रुति, प्रखर सक्सेना और बदरूल इस्लाम जैसे बेहतरीन कलाकारों ने अपने दमदार अभिनय का प्रदर्शन किया है।

भारतीय टेलीविज़न उद्योग के कई सुपरहिट और चर्चित धारावाहिकों जैसे 'सिया के राम', 'देवों के देव महादेव', 'परमावतार श्री कृष्ण' तथा 'पाप नाशिनी गंगा' के प्रसिद्ध लेखक सीएल सैनी ने अपनी बचपन की पहाड़ी स्मृतियों, स्थानीय देवी-देवताओं के प्रति जन-आस्था और लोककथाओं से प्रेरणा लेकर इस अनूठी कहानी को जन्म दिया है, जो 22 अक्टूबर से हंगामा ओटीटी के माध्यम से दर्शकों को मनोरंजन और रोमांच के एक नए सफर पर ले जाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा