मैहणी में एसएमसी का गठन सपना बनी अध्यक्ष, दयावंती को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

 


मंडी, 12 जून (हि.स.)। राजकीय उत्कृष्ट उच्च विद्यालय मैहणी में विद्यालय के सर्वांगीण विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता में वृद्धि तथा विद्यालय एवं अभिभावकों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अभिभावकों की उत्साहपूर्ण एवं सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। निर्धारित कोरम पूर्ण होने के उपरांत लोकतांत्रिक एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत नई एसएमस का गठन किया गया। जिसमें सर्वसम्मति से सपना को एसएमसी अध्यक्ष तथा दयावंती देवी को उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। इसके अतिरिक्त पद्मा देवी, प्रमिला कुमारी, ललिता देवी, भुवनेश्वरी, गीरजा देवी, लक्ष्मी देवी, मोहन सिंह, तेज सिंह एवं देवी सिंह को समिति के सदस्य के रूप में चयनित किया गया।

बैठक की अध्यक्षता विद्यालय के प्रभारी कार्यवाहक मुख्य अध्यापक सुनिल कुमार ने की। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि नई समिति विद्यालय के शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं आधारभूत विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सक्रिय सहयोग प्रदान करेगी।

नवनिर्वाचित एसएमसी अध्यक्ष सपना देवी ने विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय के विकास, विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के संवर्धन हेतु पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा