भाई की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई बहन, कुछ ही घंटों बाद हार्ट अटैक से तोड़ा दम, एक ही श्मशान घाट में हुआ दोनों का अंतिम संस्कार
नाहन, 16 नवंबर (हि.स.)। जिला सिरमौर की ग्राम पंचायत धौलाकुआं के गांव भारापुर में एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। सगे भाई की मौत का सदमा बहन बर्दाश्त नहीं कर पाई और भाई की मृत्यु के कुछ ही घंटों बाद उसकी भी हार्ट अटैक से मौत हो गई। इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार भारापुर निवासी 70 वर्षीय दिलीप सिंह की भैया दूज के तीसरे दिन एक शादी समारोह के दौरान हार्ट अटैक आने से मौत हो गई थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दिलीप सिंह पूर्व बीडीसी सदस्य टेकचंद कश्यप के पिता थे।
भाई की मौत की खबर सुनकर उनकी 53 वर्षीय बहन कमलेश देवी अपने मायके पहुंचीं। जब उन्होंने अपने मृत भाई का चेहरा देखा तो वह गहरे सदमे में आ गईं। इसी दौरान उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ और हार्ट अटैक आ गया। परिजन उन्हें तुरंत स्थानीय निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि कमलेश देवी के पहले भी हार्ट में स्टेंट डाला गया था।
परिजनों के अनुसार भाई-बहन के बीच बेहद गहरा स्नेह था। कमलेश देवी तीन दिन पहले ही भैया दूज मनाने मायके आई थीं। उस समय उन्हें क्या पता था कि जिस भाई को वह तिलक लगाकर उसकी लंबी उम्र की कामना कर रही हैं, महज तीन दिन बाद उसी भाई को अंतिम विदाई देनी पड़ेगी और कुछ ही घंटों बाद वह भी इस दुनिया को अलविदा कह देंगी। दिलीप सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार 14 नवंबर की शाम को किया गया, जबकि कमलेश देवी का अंतिम संस्कार रविवार 15 नवंबर को दोपहर में हुआ। दोनों भाई-बहन का अंतिम संस्कार गांव के एक ही श्मशान घाट में किया गया।
ग्राम पंचायत भारापुर के प्रधान मलकीत चौधरी ने इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भाई की मौत का गहरा सदमा बहन सहन नहीं कर पाई और कुछ ही घंटों में हार्ट अटैक से उसकी भी मौत हो गई। एक ही परिवार में कुछ घंटों के अंतराल में हुई दो मौतों से गांव भारापुर में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने नम आंखों से दोनों भाई-बहन को अंतिम विदाई दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर