हिमाचल दिवस पर सिरमौर की रितु नेगी, पुष्पा राणा और साक्षी शर्मा को मिलेगा प्रेरणा स्रोत सम्मान
नाहन, 12 अप्रैल (हि.स.)। किन्नौर के रिकांगपिओ में 15 अप्रैल को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह में जिला सिरमौर की तीन बेटियों को प्रदेश सरकार ‘प्रेरणा स्रोत सम्मान’ से नवाजेगी। इस सम्मान के लिए भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान रितु नेगी, उपकप्तान पुष्पा राणा और बेस्ट डिफेंडर साक्षी शर्मा का चयन किया गया है। राज्य स्तरीय समारोह में सिविल सेवा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को भी सम्मानित किया जाएगा।
इन तीनों खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार की ओर से स्टेट गेस्ट घोषित किया गया है और उनके आवागमन व ठहरने की पूरी व्यवस्था सरकार द्वारा की जाएगी। सिरमौर की इन बेटियों की उपलब्धियों ने न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
सिरमौर की इन तीनों बेटियों को मिलने वाला ‘प्रेरणा स्रोत सम्मान’ न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धियों का सम्मान है, बल्कि यह पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण है। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी की बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर