विश्वजीत ठाकुर ने थाईलैंड ओपन फेंसिंग चैंपियनशिप में जीता सिल्वर मेडल
नाहन, 10 सितंबर (हि.स.)। जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल मलाना गांव निवासी फेंसर (तलवारबाज) विश्वजीत ठाकुर ने थाईलैंड ओपन फेंसिंग चैंपियनशिप 2026 बैंकॉक में भारत की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार खेल का प्रदर्शन किया। विश्वजीत ठाकुर के बेहतरीन खेल प्रदर्शन से टीम स्पर्धा में भारतीय टीम ने रजत पदक हासिल किया। 4 सदस्य भारतीय टीम में विश्वजीत के अतिरिक्त दो खिलाड़ी मणिपुर व एक जम्मू से शामिल था।
इससे पहले भी विश्वजीत ठाकुर कॉलेज, विश्वविद्यालय और खेलो इंडिया खेलों में दर्जनों पदक अपने नाम कर चुके हैं। जिसमें प्रोफेशनल फेंसिंग एथलीट प्रतियोगिता में 8 बार के नेशनल मेडलिस्ट है। 3 बार के खेलो इंडिया मेडलिस्ट, 4 बार के ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स मेडलिस्ट और एनएसएनआईएस सर्टिफाइड कोच और हाइब्रिड एथलीट है।
विश्वजीत ठाकुर ने बताया कि उसका सपना अब ओलंपिक में टीम इंडिया की ओर से खेल कर देश के लिए पदक लाना है। इस उपलब्धि पर हिमाचल प्रदेश फेंसिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष शादीलाल गोस्वामी ने विश्वजीत सहित पूरी भारतीय फेंसिंग टीम को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
एसोसिएशन के महासचिव अतुल ठाकुर ने कहा कि विश्वजीत राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में भी लगातार शानदार प्रदर्शन कर हिमाचल प्रदेश का नाम देश-विदेश में रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर