एसआईआर लोकतंत्र के लिए अच्छा कार्य, कांग्रेस चुनावी लाभ के लिए कर रही दुष्प्रचार : शिवानी

 


नाहन, 30 सितंबर (हि.स.)। देश में मुख्य चुनाव आयुक्त और एसआईआर के विरोध को लेकर चल रही सियासत के बीच भाजपा ने पलटवार शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार को सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में जिला परिषद अध्यक्ष शिवानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

जिला परिषद अध्यक्षा शिवानी ने कहा कि एस आई आर लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए एक अच्छा कार्य है। लोकतंत्र की मांग है कि पात्र व्यक्ति को मताधिकार का हक मिले और जो अपात्र हैं, उन्हें यह अहम अधिकार न मिले। इसके लिए चुनाव आयोग द्वारा एस आई आर के तहत मतदाता सूचियों के शुद्धिकरण का कार्य चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लेकिन कांग्रेस सहित विपक्ष को यह कार्य रास नहीं आ रहा है। कांग्रेस चुनावी लाभ के लिए इसका दुष्प्रचार कर रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर भी अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर हमला करना गलत है और कांग्रेस को इसका जवाब देना चाहिए।

वहीं जिला परिषद सिरमौर के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बलदेव सिंह भंडारी ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता युवाओं को बरगलाने का काम कर रहे हैं। चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर सवाल उठाकर कांग्रेस युवाओं में भ्रम फैला रही है, जिसे भाजपा बर्दाश्त नहीं करेगी।उन्होंने कहा किएस आई आर से फर्जी वोट हटेंगे और सही मतदाताओं को उनका हक मिलेगा, जो स्वस्थ लोकतंत्र की निशानी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर