हिमाचल में 5877 करोड़ के 42 औद्योगिक प्रोजेक्ट मंजूर, 13 हजार को मिलेगा रोजगार

 




शिमला, 09 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में औद्योगिक निवेश को नई रफ्तार देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई राज्य एकल खिड़की स्वीकृति एवं अनुश्रवण प्राधिकरण की 32वीं बैठक में 5,877.01 करोड़ रुपये के 42 औद्योगिक निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से प्रदेश में 13,355 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना जताई गई है।

सरकार का कहना है कि यह फैसला केवल निवेश आकर्षित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करना और विभिन्न क्षेत्रों में संतुलित विकास सुनिश्चित करना भी है। राज्य सरकार निवेशकों के लिए मंजूरी प्रक्रियाओं को सरल बनाने और डिजिटल सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया को आसान बनाने पर जोर दे रही है।

मंजूर किए गए निवेश प्रस्तावों में फार्मा, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल, केमिकल, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स, प्लास्टिक एवं पैकेजिंग, फूड प्रोसेसिंग, कॉस्मेटिक्स और स्टील जैसे कई प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं। इसे प्रदेश के औद्योगिक आधार के विस्तार और विविधता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विशेष रूप से श्रम-प्रधान उद्योगों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे उद्योगों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए जो प्रदेश के युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार पैदा कर सकें। साथ ही उन्होंने आर्थिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने वाले औद्योगिक ढांचे की वकालत की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अगले दो महीनों के भीतर नई हिमाचल प्रदेश औद्योगिक नीति अधिसूचित करने के निर्देश भी दिए, ताकि राज्य पड़ोसी राज्यों के साथ निवेश की दौड़ में अधिक प्रतिस्पर्धी बन सके।

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश निवेशकों के लिए तेजी से आकर्षक गंतव्य बन रहा है। उन्होंने विशेष रूप से रक्षा और फार्मा क्षेत्र में बढ़ती निवेश संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य की निवेशक-अनुकूल नीतियां, बेहतर आधारभूत ढांचा और प्रभावी सिंगल विंडो क्लीयरेंस प्रणाली निवेशकों का भरोसा बढ़ा रही है।

उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों के अनुसार हिमाचल की औद्योगिक निवेश रूपांतरण दर 57 प्रतिशत रही है, जो राष्ट्रीय औसत 32 से 35 प्रतिशत से काफी अधिक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा