प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा : प्रो. सिकंदर कुमार
शिमला, 26 जुलाई (हि.स.)। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री प्रो. सिकंदर कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए सभी देशवासियों को मिलकर योगदान देना होगा और देश विरोधी ताकतों के मंसूबों को एकजुट होकर विफल करना होगा। वह रविवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के हयूण (लोअर सांगटी, समरहिल) में भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें संस्करण के सामूहिक श्रवण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश सचिव डॉ. संजय ठाकुर भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान दिशांत ठाकुर के नेतृत्व में कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी छोड़कर 26 स्थानीय युवाओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रो. सिकंदर कुमार ने सभी नए सदस्यों का पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि युवाओं का भाजपा के प्रति बढ़ता विश्वास पार्टी की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए जा रहे कार्यों का परिणाम है।
कैप्टन विक्रम बत्रा की स्मृति में लगाए 50 पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
'मन की बात' कार्यक्रम के बाद करगिल विजय दिवस के अवसर पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद परमवीर चक्र विजेता शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा की स्मृति में 50 फलदार और छायादार पौधे लगाए गए। प्रो. सिकंदर कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण समय की आवश्यकता है और पौधारोपण से आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार होगा।
उन्होंने कहा कि शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा का बलिदान हमेशा राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देता रहेगा और उनकी स्मृति में लगाया गया प्रत्येक पौधा देशभक्ति तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा।
युवाओं को डिजिटल प्रमाण पत्र डाउनलोड करवाए, बूथ कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक
कार्यक्रम के दौरान प्रो. सिकंदर कुमार ने युवाओं को डिजिटल माध्यम से प्रशिक्षण प्रमाण पत्र डाउनलोड करवाए और उन्हें डिजिटल साक्षरता अपनाने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने बूथ कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक कर आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को 'मन की बात' कार्यक्रम से नियमित रूप से जुड़ने का संकल्प भी लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा