सिरमौर के आर्यन सकलानी ने नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए किया क्वालीफाई

 


नाहन, 27 जुलाई (हि.स.)। जिला सिरमौर के माजरा गांव के रहने वाले प्रतिभाशाली युवा शूटर आर्यन सकलानी ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा के दम पर नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। आर्यन ने यह सफलता पटियाला में आयोजित नॉर्थ ज़ोन शूटिंग चैंपियनशिप में शॉटगन ट्रैप इवेंट के दौरान हासिल की। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर पुलिस शूटिंग क्लब, धौलाकुआं और पूरे जिले में खुशी की लहर है।

क्वालीफाइंग इवेंट के दौरान आर्यन सकलानी ने बेहतरीन खेल कौशल और धैर्य का परिचय दिया। उन्होंने कठिन प्रतियोगिता के बीच 25 में से 19 टारगेट (बर्ड्स) पर सटीक निशाना साधा और राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप में अपनी जगह पक्की की।

पुलिस शूटिंग क्लब, धौलाकुआं ने आर्यन सकलानी की इस बेहतरीन सफलता पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। क्लब ने आर्यन की कड़ी मेहनत, समर्पण और लगन की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि वह आगामी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में और भी बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर