कटासनी में बन रही शूटिंग रेंज और इंडोर स्टेडियम का विक्रमादित्य सिंह ने किया निरीक्षण

 


शिमला, 22 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बुधवार को शिमला जिले के कटासनी में निर्माणाधीन अत्याधुनिक शूटिंग रेंज और इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से परियोजना की विस्तृत स्थिति रिपोर्ट ली।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तय समय सीमा और विभिन्न तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह का समझौता न किया जाए।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेल अवसंरचना को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। आधुनिक सुविधाओं से लैस शूटिंग रेंज और इंडोर स्टेडियम तैयार होने के बाद खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी। इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर माहौल भी मिलेगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना का निर्माण निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, जिससे खिलाड़ियों और स्थानीय युवाओं को इन सुविधाओं का लाभ जल्द मिल सके।

निरीक्षण के दौरान प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और निर्माण कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा