तीन दिवसीय राष्ट्रीय शूलिनी मेले हुआ आरम्भ
सोलन, 26 जून (हि.स.)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने आज सोलन में तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय ऐतिहासिक शूलिनी मेले का विधिवत शुभारम्भ किया। सोलन की अधिष्ठात्री माँ शूलिनी को समर्पित यह मेला आस्था और भक्ति का अनुपम उदाहरण है। राष्ट्रीय स्तरीय यह उत्सव देव परम्परा और जन आस्था का प्रतीक है। माँ शूलिनी को समर्पित इस मेले का मुख्य आकर्षण देवी की पालकी यात्रा है। माँ शूलिनी के मंदिर से आरम्भ होकर यह यात्रा सोलन शहर के प्रमुख स्थानों से होते हुए माँ की बड़ी बहन माँ दुर्गा गंज बाज़ार स्थित मंदिर में विश्रान्ति पाती है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर परम्परा के अनुसार माँ शूलिनी की पालकी का विधिवत स्वागत किया और जन-जन के सौभाग्य, समृद्धि, स्वास्थ्य और प्रसन्नता की कामना की। उन्होंने इस अवसर पर सोलन वासियों को इस मेले के राष्ट्रीय स्तर का घोषित होने पर बधाई दी।
उन्होंने कहा कि माँ शूलिनी को समर्पित यह उत्सव समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का परिचायक है। देश में यह एक ऐसा उत्सव है जहां तीन दिन तक अनगिनत भण्डारे आयोजित किए जाते हैं। इस अवधि में सोलन शहर की परिधि में आने वाले हर व्यक्ति को उचित भोजन प्राप्त होता है। डॉ. शांडिल ने आशा जताई कि यह उत्सव सभी के जीवन में नई उमंग का परिचायक बनेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा