शोघी के किसानों ने प्राकृतिक खेती से पेश की मिसाल : प्रोफेसर सिकंदर कुमार

 


शिमला, 03 जुलाई (हि.स.)। राज्यसभा सांसद प्रोफेसर सिकंदर कुमार ने कहा है कि शिमला जिले के शोघी गांव के किसानों ने सामूहिक रूप से प्राकृतिक खेती अपनाकर एक ऐसा मॉडल तैयार किया है, जो हिमाचल प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है। उन्होंने कहा कि यह प्रयास रसायन-मुक्त खेती, पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में एक अच्छा उदाहरण है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चल रहे कार्यक्रमों के तहत शुक्रवार को प्रोफेसर सिकंदर कुमार ने शोघी गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांव के प्रगतिशील किसान उमेश शर्मा और उनके साथ प्राकृतिक खेती कर रहे अन्य किसानों के खेतों का निरीक्षण किया। उन्होंने खेतों में उगाई जा रही विभिन्न फसलों और प्राकृतिक खेती की पद्धति की जानकारी ली।

सिकंदर कुमार ने कहा कि शोघी गांव में पांच से छह किसानों ने मिलकर एक समूह के रूप में प्राकृतिक खेती शुरू की है। इस सामूहिक प्रयास से खेती की लागत कम हुई है और उत्पादन में भी सुधार देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि किसान एक ही खेत में अलग-अलग तरह की फसलें उगा रहे हैं, जिससे मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है और सालभर आय के अवसर मिलते हैं।

उन्होंने कहा कि इन किसानों ने रासायनिक खाद और रासायनिक कीटनाशकों का इस्तेमाल पूरी तरह बंद कर दिया है। उनकी जगह जीवामृत, घनजीवामृत और अन्य प्राकृतिक तरीकों से खेती की जा रही है। इससे मिट्टी की गुणवत्ता बेहतर हुई है और भूमिगत जल तथा पर्यावरण को भी नुकसान नहीं पहुंच रहा। उन्होंने कहा कि रसायन-मुक्त खेती लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। रसायन-मुक्त खेती हिमाचल के कृषि क्षेत्र का भविष्य बन सकती है।

सिकंदर कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में किसानों को प्राथमिकता देने वाली कई योजनाओं पर काम किया है। उनका कहना था कि शोघी के किसानों की यह पहल दिखाती है कि यदि सरकारी योजनाओं का सही उपयोग हो और किसान मिलकर काम करें तो टिकाऊ खेती को बढ़ावा दिया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि शोघी गांव का यह मॉडल प्रदेश के अन्य किसानों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकता है और भविष्य में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने में इसकी अहम भूमिका रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा