सिद्ध गणपति उत्सव : इस बार नहीं होगा प्रतिमा विसर्जन, मिट्टी के बदले रखी जाएगी धातु की प्रतिमा
मंडी, 12 अगस्त (हि.स.)। मंडी के ऐतिहासिक सिद्ध गणपति मंदिर, सैण में इस बार ऐतिहासिक पहल करते हुए गणपति प्रतिमा का विसर्जन नहीं होगा। बंधवार को ट्रस्ट बैठक में यह ऐतिहासिक निर्णय लिया गया ,जिसमें नगर निगम मंडी की महापौर सुमन ठाकुर विशेष रूप से उपस्थिति रही। उन्होंने स्थानीय जनता और श्रद्धालुओं से इस गणपति उत्सव को पूरे उत्साह, भक्तिभाव और भव्यता के साथ मनाने का ग्रह किया। बैठक के दौरान महापौर ने उत्सव के सफल संचालन हेतु अपने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि यह पर्व अत्यंत सुंदर व भक्तिमय वातावरण में संपन्न होना चाहिए। इस वर्ष ट्रस्ट द्वारा एक पर्यावरण-अनुकूल और ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है कि गणपति जी की प्रतिमा का जल विसर्जन नहीं किया जाएगा। बल्कि इसे धातु या किसी अन्य स्थायी प्रकार की सामग्री से तैयार कराया जाएगा। उत्सव के अंतिम दिन भव्य शोभायात्रा निकालने के उपरांत इस प्रतिमा को मंदिर में ही सुरक्षित रखा जाएगा। बैठक में उत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें ट्रस्ट के सम्मानित सदस्यों के साथ-साथ सैण युवा मंडल एवं सैण महिला मंडल ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
इसके अतिरिक्त, महापौर सुमन ठाकुर ने युवाओं और आम नागरिकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि 15 अगस्त से 15 सितंबर तक आयोजित होने वाले नशा मुक्ति अभियान में सभी बढ़-चढ़कर भाग लें। वही घर-घर जाकर लोगों को नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करें। इस प्रकार सैण मंडी में आयोजित होने वाला यह गणपति उत्सव न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि समाज को नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का भी एक अनूठा संदेश देगा।
महापौर ने कहा कि वे अन्य गणपति माहेत्सव आयोजन समितियों के साथ बैठक कर उनसे भी पर्यावरण संरक्षण को मध्यनजर रखते हुए विसर्जन न किए जाने का अनुरोध करेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा