धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम ने हिमाचल को विश्व के खेल मानचित्र पर पहुंचाया : शांता कुमार
पालमपुर, 27 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा कि धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम के कारण हिमाचल प्रदेश विश्व के खेल मानचित्र पर अपनी विशेष पहचान बनाने में सफल हुआ है। उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम अपनी खूबसूरती और आधुनिक सुविधाओं के कारण देश के सबसे आकर्षक क्रिकेट स्टेडियमों में शामिल है।
शांता कुमार ने बुधवार को एक बयान में कहा कि स्टेडियम के सामने बर्फ से ढकी धौलाधार पर्वतमाला इसकी सुंदरता को और भी बढ़ा देती है, जिससे यहां आने वाले खिलाड़ी और पर्यटक विशेष रूप से आकर्षित होते हैं। उन्होंने कहा कि धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम हिमाचल प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि और गौरव का विषय है।
उन्होंने इस स्टेडियम के निर्माण का श्रेय पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को देते हुए कहा कि उनके प्रयासों और उस समय की सरकार की मेहनत से यह भव्य स्टेडियम तैयार हुआ। उन्होंने कहा कि भारत के अनेक क्रिकेट स्टेडियमों में धर्मशाला स्टेडियम अपनी प्राकृतिक सुंदरता और आधुनिक ढांचे के कारण अलग पहचान रखता है।
शांता कुमार ने कहा कि यहां अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के मैच आयोजित होने से देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और क्रिकेट प्रेमी पहुंचते हैं, जिससे प्रदेश के पर्यटन और व्यापार को भी काफी लाभ मिल रहा है।
उन्होंने हिमाचल प्रदेश को इस क्रिकेट स्टेडियम के माध्यम से विश्व स्तर पर पहचान दिलाने के लिए अनुराग ठाकुर को बधाई दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला