केंद्रीय पर्यटन मंत्री से करवाया जाए टॉय ट्रेन का उद्घाटन : शांता कुमार
पालमपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने हिमाचल सरकार से सौरभ कालिया वन बिहार में तैयार की गई टॉय ट्रेन का उद्घाटन केंद्रीय पर्यटन मंत्री से करवाने का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि इससे हिमाचल की इस टॉय ट्रेन की ओर पूरे देश का ध्यान आकर्षित होगा और प्रदेश राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और प्रमुखता से उभरेगा। उन्होंने कहा कि इस योजना से हिमाचल में पर्यटन को तेजी से बढ़ावा मिलेगा।
शांता कुमार ने शनिवार को एक बयान में कहा कि यह हिमाचल प्रदेश के लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि सौरभ कालिया वन बिहार में बन रही टॉय ट्रेन के सभी परीक्षण सफल रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में इसके अंतिम तकनीकी परीक्षण भी सफलतापूर्वक पूरे कर लिए गए हैं। संबंधित कंपनी पिछले दो वर्षों से इस परियोजना पर काम कर रही थी और करीब दो करोड़ रुपये की लागत से टॉय ट्रेन की योजना को पूरा किया गया है।
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए वन विभाग और संबंधित कंपनी का धन्यवाद करते हुए हिमाचल प्रदेश की जनता को बधाई दी।
शांता कुमार ने कहा कि कारगिल युद्ध के प्रथम शहीद कैप्टन सौरभ कालिया के नाम पर उन्होंने अपनी सांसद निधि से इस वन बिहार का निर्माण करवाया था। अब टॉय ट्रेन के शुरू होने के बाद शहीद के नाम पर बना यह पार्क पूरे देश में प्रसिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि टॉय ट्रेन के शुरू होने से सौरभ कालिया वन बिहार एक प्रमुख पर्यटन आकर्षण के रूप में विकसित हो सकता है। इससे क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी और स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला