मोदी के नेतृत्व में भारत और भाजपा का स्वर्ण युग, अब गरीबी उन्मूलन का बने नया रिकॉर्ड : शांता कुमार
शिमला, 10 जून (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के लगातार प्रधानमंत्री रहने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है और वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में उनकी जीत लगभग सुनिश्चित दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा होता है तो मोदी एक ऐसा ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्थापित करेंगे, जिसे भविष्य में तोड़ना बेहद कठिन होगा।
शांता कुमार ने बुधवार को एक बयान में कहा कि पंडित नेहरू के समय देश की आबादी लगभग 36 करोड़ थी, जबकि आज भारत की जनसंख्या 142 करोड़ से अधिक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय भारत और भारतीय जनता पार्टी के लिए स्वर्ण युग के समान है तथा प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा का कोई प्रभावी राजनीतिक विकल्प दिखाई नहीं देता।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में देश ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। 500 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद राम मंदिर का निर्माण हुआ, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाई गई, करोड़ों लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए और भारत विश्व की प्रमुख आर्थिक शक्तियों में शामिल हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक देश, एक चुनाव की दिशा में भी आगे बढ़ रहे हैं।
हालांकि शांता कुमार ने कहा कि इन उपलब्धियों के बावजूद नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार देश में अभी भी लगभग 11 प्रतिशत आबादी गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रही है। उन्होंने बताया कि बिहार में गरीबी का प्रतिशत सबसे अधिक, लगभग 30 प्रतिशत है।
प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए शांता कुमार ने सुझाव दिया कि देश के लगभग 14 करोड़ गरीब लोगों के लिए विशेष रूप से लक्षित अंत्योदय योजना शुरू की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्यों की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर केवल गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों तक पहुंचना चाहिए तथा प्रभावशाली और संपन्न लोग इन योजनाओं का लाभ न उठा सकें।
उन्होंने हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए एक महत्वपूर्ण फैसले का उल्लेख करते हुए कहा कि न्यायालय ने भी बार-बार यह स्पष्ट किया है कि क्रीमी लेयर अथवा आर्थिक रूप से संपन्न लोगों को विशेष सुविधाओं और आरक्षण के लाभों से बाहर रखा जाना चाहिए।
शांता कुमार ने विश्वास व्यक्त किया कि यदि अगले पांच वर्षों तक 14 करोड़ गरीब लोगों को केंद्रित कर अंत्योदय योजना लागू की जाए और सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें ही मिले, तो देश से गरीबी का लगभग पूर्ण उन्मूलन संभव है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यदि इस दिशा में पहल करते हैं तो वे एक और अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित कर सकते हैं। तब भारत दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला लोकतांत्रिक देश होने के साथ-साथ ऐसा राष्ट्र बन सकता है, जहां कोई भी व्यक्ति गरीबी रेखा से नीचे न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला