शांता कुमार ने धीरेंद्र शास्त्री और स्वामी रामदेव से श्रीकृष्ण को लेकर विवाद समाप्त करने का किया आग्रह

 


शिमला, 24 नवंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने प्रसिद्ध धार्मिक नेता पंडित धीरेंद्र शास्त्री और योग गुरु स्वामी रामदेव के बीच भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप को लेकर उत्पन्न विवाद को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने दोनों धार्मिक नेताओं के चरणों में प्रणाम करते हुए आग्रह किया कि इस अनावश्यक टकराव को समाप्त किया जाए।

शांता कुमार ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि भगवान श्रीकृष्ण भारत के सभी अवतारों में विशिष्ट हैं। यही कारण है कि भारतीय शास्त्रों में उन्हें 16 कला सम्पूर्ण अवतार कहा गया है। श्रीकृष्ण ने जीवन के सभी पक्षों को स्वीकार किया। बाल्यकाल में मक्खन चुराकर खाया, गोपियों के साथ रासलीला की, बांसुरी बजाई और आवश्यकता पड़ने पर सुदर्शन चक्र हाथ में लेकर युद्ध भी किया। महाभारत के युद्ध के बीच उन्होंने संसार को मानवता का महान संदेश देने वाली श्रीमद्भगवद्गीता का ज्ञान प्रदान किया।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम मर्यादा पुरुषोत्तम थे और उन्होंने मर्यादा का पालन सर्वोच्च आदर्शों के साथ किया। वहीं, भगवान श्रीकृष्ण ने जीवन के प्रत्येक पक्ष को स्वीकार करते हुए प्रेम, आनंद, शरारत, कर्तव्य और ज्ञान का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत किया। श्रीकृष्ण का यही व्यापक और सम्पूर्ण स्वरूप उन्हें अन्य अवतारों से अलग बनाता है।

शांता कुमार ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री ने श्रीकृष्ण के इसी विशेष स्वरूप के संदर्भ में उनके लिए 'टेढ़े' शब्द का प्रयोग किया है। इस बात को लेकर किसी प्रकार की गलत धारणा या विवाद उत्पन्न नहीं होना चाहिए। भारत की महान धार्मिक और ऐतिहासिक परंपराओं का सम्मान बनाए रखना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि भगवान राम, राम हैं और भगवान श्रीकृष्ण, श्रीकृष्ण हैं। सभी अवतारों ने अपने-अपने समय में महान कार्य किए हैं और मानवता को महत्वपूर्ण संदेश दिए हैं।

शांता कुमार ने दोनों धार्मिक नेताओं से पुनः आग्रह किया कि वे इस विषय पर किसी भी प्रकार का टकराव न रखें और आपसी सम्मान तथा सद्भाव बनाए रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला