शान्ता कुमार ने की पालमपुर की राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला की यथास्थिति बनाए रखने की मांग

 


पालमपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शान्ता कुमार ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पालमपुर स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला की यथास्थिति बनाए रखने की मांग की है। उन्होंने इस विद्यालय को क्षेत्र की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील शैक्षणिक संस्था बताते हुए इसके संरक्षण का विशेष आग्रह किया है।

अपने पत्र में उन्होंने कहा कि वर्ष 1868 से यह विद्यालय कन्याओं को संस्कारित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है। पूरे क्षेत्र के अभिभावक अपनी बेटियों की शिक्षा के लिए इस स्कूल को प्राथमिकता देते रहे हैं। यहां से शिक्षा प्राप्त कर चुकी अनेक छात्राएं आज विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं, जो वर्तमान छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि यह विद्यालय पालमपुर शहर के प्रमुख स्थान पर स्थित है और क्षेत्र का एकमात्र जमा दो (सीनियर सेकेंडरी) कन्या विद्यालय है। यहां पढ़ने वाली छात्राएं सुरक्षित और सहज वातावरण में शिक्षा ग्रहण करती हैं, जिससे अभिभावक भी निश्चिंत रहते हैं।

शान्ता कुमार ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधि और बुद्धिजीवी वर्ग भी चिंतित हैं और उन्होंने उनसे मिलकर इस विषय को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने का अनुरोध किया है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि जनभावनाओं, छात्राओं और अभिभावकों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए इस विद्यालय की वर्तमान स्थिति को बनाए रखने के लिए शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला