तुंगल के शक्तिपीठ माता बगलामुखी मंदिर सेहली में वार्षिक जाग 14 सितंबर को।
मंडी, 06 सितंबर (हि.स.)। मंडी जिला के तुंगल क्षेत्र सेहली में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता बगलामुखी मंदिर सेहली में वार्षिक जाग का आयोजन 14 सितंबर को बड़े धूमधाम से किया जाएगा। इस दौरान देवताओं और डायनियों के बीच होने वाले युद्ध का विस्तृत रूप से व्याख्यान किया जाएगा। आने वाला समय कैसा रहेगा, यह भविष्यवाणी भी जाग के माध्यम से माता बगलामुखी के गुर के द्वारा की जाएगी।
मंदिर में जाग के आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बारे में मन्दिर के पुजारी अमरजीत शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर मन्दिर कमेटी की ओर से 14 सितम्बर को सांय पांच बजे से रात 10 बजे तक भंडारे का आयोजन किया गया है, जिसमें सभी श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे। वहीं रात्रि आठ बजे से सुबह तक विभिन्न भजन मंडलियां मां की महिमा का गुणगान करेंगी, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहेगा। जबकि रात 12 बजे विशेष पूजा-अर्चना के साथ जाग की मुख्य प्रक्रिया आरंभ होगी। इस जाग का विशेष महत्व है। इसमें देवताओं और डायनियों के बीच हुए युद्ध का विस्तार से वर्णन किया जाता है और युद्ध में हुए दुष्प्रभावों के निवारण के उपाय भी बताए जाते हैं। इस जाग में जो भी भाग लेता है मां बगलामुखी उनकी हर मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं।
ज्ञात हो कि मां बगलामुखी दस महाविद्याओं में से एक हैं और तंत्र साधना में उनका विशेष स्थान है। पुजारी अमरजीत शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस दिव्य जाग का लाभ उठाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा