शाख की टीम ने आयोजन स्थल पड्डल मैदान में चलाया सफाई अभियान
मंडी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। शाख संस्था की टीम ने 10 दिवसीय सफल अंतरराष्ट्रीय फ़िल्म महोत्सव और कल्चरल नाइट्स के आयोजन के बाद कार्यक्रम के स्थल पडल मैदान में सफाई अभियान शुरू किया । इस दौरान नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर स्वयंसेवियों ने मैदान की सफाई का जिम्मा संभाला। शाख के सदस्यों ने कड़ी धूप में सारा दिन मैदान को साफ किया।
शाख मंडी महोत्सव के डायरेक्टर रामपाल मलिक ने कहा कि हमारी कोशिश रहेगी की पड्डल मैदान को हम जब विभाग को वापस करें तो यह पहले से भी बेहतर हो। रामपाल ने कहा कि शाख की मीटिंग में यह तय हुआ था कि हम अपने सामाजिक जिम्मेदारी को निभाते हुए मैदान की सफाई करें और इसे जब वापस करें तो मैदान की हालत उस समय से ज्यादा बेहतर हो ।
मलिक ने कहा कि दस दिवसीय मंडी महोत्सव सफल रहा ,जिसमें युवा और मंडी के बुद्धिजीवी बड़ी संख्या में शामिल हुए, विशेष तौर पर अंतरराष्ट्रीय सिनेमा फेस्टिवल के ऑडिटोरियम में युवा वर्ग की भीड़ ज्यादा देखी गई। रामपाल ने अंतरराष्ट्रीय फ़िल्म महोत्सव का उद्देश्य यह भी था कि हम प्रदेश के एक्टर, राइटर, डायरेक्टर और टेक्नीशियन को अधिमान दें और उन्हें अपने फिल्म का प्रदर्शन करने कामौका दें। इसी उद्देश्य को लेकर शाख ने युवा वर्ग से वार्तालाप किया और कहा कि अगर उनमें फिल्म बनाने की कला है तो उन्हें धरातल पर उतारें। शाख से जैसी भी मदद चाहिए हो हम इस क्षेत्र को लेकर उन्हें मदद देने के लिए तैयार हैं ताकि हिमाचल से अधिक से अधिक संख्या में जागरूक और क्रिएटिव लोग बाहर निकले। जिससे हिमाचल का नाम फिल्म जगत में भी मशहूर हो।
उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक संध्याओं में भी शाखा ने ऐसे कलाकारों को मौका दिया। जिन्हें अन्यत्र मंच नहीं मिल पाता है। इस कड़ी में बच्चे युवा और सीनियर वर्ग के लोग शामिल रहे, इस तरह से शाखा ने अपने सामाजिक जिम्मेदारी भी पूरी की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा