जयराम ठाकुर ने जंजैहली में सेतु सोशल वेलफेयर ट्रस्ट के स्वास्थ्य शिविर का किया शुभारंभ, उमड़ा जनसैलाब

 


मंडी, 01 मार्च (हि.स.)। मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जंजैहली में रविवार को सेतु सोशल वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा आयोजित एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की जबकि उनकी धर्मपत्नी डॉ साधना ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रही। इस अवसर पर शिविर में आई जनता को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने सेतु सोशल वेलफेयर ट्रस्ट के प्रयासों की जमकर सराहना की और कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना अत्यंत पुण्य और काबिलेतारीफ कार्य है।

उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि गांव के वे उम्रदराज लोग जो शारीरिक अक्षमता या संसाधनों के अभाव में बड़े अस्पतालों तक नहीं पहुंच पाते, उन्हें उनके घर-द्वार पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध करवाना समाज सेवा की पराकाष्ठा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सेतु ट्रस्ट इसी प्रकार के सेवा कार्यों के माध्यम से मानवता की सेवा जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान भी गत वर्ष सेतु वेलफेयर ट्रस्ट ने बहुत सराहनीय सेवाएं थुनाग में दी थी।

अपने संबोधन के दौरान जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान (एचपीवी) पर विशेष जोर देते हुए इसे महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी और दूरदर्शी कदम बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत आने वाले वर्षों में सर्वाइकल कैंसर के उन्मूलन की दिशा में वैश्विक मिसाल कायम करेगा। इस शिविर में आसपास के 1300 स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य लाभ उठाया, जहाँ विशेषज्ञों की एक अनुभवी टीम ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर में लोगों के हर प्रकार के लैब टेस्ट भी मौके पर हुए। ईसीजी, शुगर सहित कई अन्य टेस्ट मौके पर होने से स्थानीय लोगों को बहुत लाभ पहुंचा।

इससे पूर्व सभी चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सम्मानित भी किया और उनका सेवाएं देने के लिए आभार जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा