त्योहारों के सीजन को लेकर सिरमौर पुलिस अलर्ट, पांवटा में बढ़ेगी निगरानी
नाहन, 08 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारों का सीजन शुरू होते ही जिला सिरमौर पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी एक महीने के दौरान लगातार बड़े त्योहारों और आयोजनों को देखते हुए पुलिस ने विशेष रणनीति तैयार की है। खासतौर पर पांवटा साहिब में पुलिस की अतिरिक्त निगरानी रहेगी।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि जिला सिरमौर में पांवटा साहिब सबसे संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल है। ऐसे में यहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने बताया कि पांवटा साहिब के चारों थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि उत्तराखंड, हरियाणा सहित अन्य राज्यों की सीमाओं से आने-जाने वाले लोगों और वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
एसपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में लोगों की भीड़ बढ़ने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना रहती है। इसे देखते हुए पुलिस की ओर से यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस किया जाएगा, ताकि शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में नवरात्रि, दशहरा, राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव, करवाचौथ, धनतेरस, दीपावली और भैया दूज जैसे बड़े त्योहार आने वाले हैं। इन आयोजनों के दौरान पांवटा साहिब में लोगों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है। ऐसे में पुलिस बल की मौजूदगी और निगरानी को बढ़ाया जाएगा।
एसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शहर की कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का प्रयास रहेगा कि लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें और बाजारों में भी यातायात सुचारु बना रहे। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि त्योहारों के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए शहर की व्यवस्था बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर