सिक्योरिटी गार्ड्स के लिए भूतपूर्व सैनिकों की भर्ती 17 को
हमीरपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। गुजरात के भरूच जिले में सिक्योरिटी गार्ड्स के 350 पदों पर नियुक्ति के लिए चैकमेट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड 17 अप्रैल को सुबह 10 बजे हमीरपुर के सैनिक विश्राम गृह में थल सेना के भूतपूर्व सैनिकों की भर्ती करेगी। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के उपनिदेशक स्क्वाड्रन लीडर मनोज राणा ने बताया कि इस भर्ती में 54 वर्ष तक की आयु के दसवीं पास भूतपूर्व सैनिक भाग ले सकते हैं। चयनित भूतपूर्व सैनिकों को रहने की निशुल्क सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। हर महीने खाने के 2800 रुपये और पीएफ की 3200 रुपये की कटौती के बाद उन्हें 25,800 रुपये मासिक वेतन और अन्य सुविधाएं मिलेंगी।
भोरंज में फील्ड ऑफिसर के साक्षात्कार 18 को
जाहू क्षेत्र की कंपनी हिमगिरि मल्टी लेवल मैजिक प्राइवेट लिमिटेड सुलगवान में फील्ड ऑफिसरों के 22 पद भरे जा रहे हैं। इन पदों के लिए 18 अप्रैल को सुबह 11 बजे उप रोजगार कार्यालय भोरंज में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि कॉमर्स में बारहवीं पास 18 से 35 वर्ष तक की आयु के उम्मीदवार साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को 12,500 रुपये मासिक वेतन मिलेगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
हमीरपुर में ऑपरेटर्स और अप्रेंटिस के साक्षात्कार 18 को
नाहन के निकटवर्ती औद्योगिक क्षेत्र काला अंब की प्रसिद्ध कंपनी ब्ल्यू स्टार लिमिटेड में ऑपरेटर्स और अप्रेंटिस के 100 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए 18 अप्रैल को जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय हमीरपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए बारहवीं पास, इलेक्ट्रिकल, फिटर, वैल्डर, रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडिशनर, मशीनिस्ट, प्लंबर, टर्नर, पंप ऑपरेटर और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में आईटीआई डिप्लोमाधारक 18 से 25 वर्ष तक के युवा पात्र हैं। चयनित युवाओं को 16,000 रुपये से 20,800 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा