भीषण गर्मी का प्रकोप: कफोटा उपमंडल के स्कूलों के समय में बदलाव, आदेश जारी

 

नाहन, 22 मई (हि.स.)। सिरमौर में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के मद्देनजर एक बड़ा फैसला लिया है। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) कफोटा, रमन कुमार शर्मा ने इस संबंध में एक आधिकारिक कार्यालय आदेश जारी किया है। ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी और प्रिंसिपल-कम-बीपीओ सताौन द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने कफोटा उपमंडल के तहत आने वाले सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के समय में तत्काल प्रभाव से बदलाव करने के निर्देश दिए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, बढ़ते तापमान के कारण स्कूली बच्चों में डिहाइड्रेशन, हीट थकावट और लू लगने का खतरा बढ़ गया है, जिससे बचाव के लिए निवारक कदम उठाना बेहद जरूरी हो गया था। नए नियमों के तहत अब आठवीं कक्षा तक के सभी स्कूल सुबह 08:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे। वहीं, नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल का समय सुबह 08:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक निर्धारित किया गया है, ताकि बच्चे दोपहर की तीव्र धूप और लू की चपेट में आने से बच सकें।

इसके साथ ही प्रशासन ने स्कूल समय के दौरान खुले मैदान में होने वाली सभी बाहरी गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। इसके तहत स्कूलों में खेलकूद, सुबह की प्रार्थना सभा या सीधे धूप के संपर्क में आने वाले किसी भी आयोजन की अनुमति नहीं होगी। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी स्कूल प्रबंधन अपने परिसर में सुरक्षित पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता, कक्षाओं में पंखों व कूलिंग की उचित व्यवस्था और गर्मी से उत्पन्न होने वाली किसी भी आपात स्थिति के लिए प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा सुनिश्चित करेंगे। इस आदेश का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित स्कूल प्रबंधनों की होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर