छात्रवृत्ति आवेदन की तिथि 30 नवंबर तक बढ़ी

 

शिमला, 18 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति के आवेदन से चूक गए विद्यार्थियों को एक और अवसर दिया गया है। सरकार ने नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल दोबारा खोल दिया है। अब विद्यार्थी 30 नवंबर 2026 तक विभिन्न केंद्र प्रायोजित और राज्य प्रायोजित छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन जमा कर सकेंगे। उच्च शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में प्रदेश के सभी सरकारी और निजी वरिष्ठ माध्यमिक तथा उच्च विद्यालयों को निर्देश जारी किए हैं।

निदेशालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार विद्यार्थियों के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर तय की गई है। इसके बाद संस्थान स्तर पर आवेदनों के पहले चरण के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। संस्थान स्तर यानी आईएनओ लेवल-वन पर सत्यापन की अंतिम तिथि 8 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, दूसरे स्तर पर आवेदनों का सत्यापन 11 दिसंबर 2026 तक पूरा करना होगा।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने का यह अंतिम अवसर दिया गया है। जिन विद्यार्थियों के आवेदन संस्थान या राज्य स्तर पर जांच के दौरान त्रुटिपूर्ण पाए गए हैं, उन्हें भी इनमें सुधार करने का मौका मिलेगा। ऐसे विद्यार्थियों को अपनी लॉगिन आईडी के माध्यम से आवेदन में जरूरी बदलाव करने होंगे। इसके बाद संबंधित छात्रवृत्ति योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर निर्धारित समय के भीतर आवेदन दोबारा जमा करना होगा।

निदेशालय ने संस्थानों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार आवेदनों का सत्यापन पूरा करने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों को भी आवेदन और उसमें सुधार की प्रक्रिया तय समय के भीतर पूरी करनी होगी। 30 नवंबर तक विद्यार्थियों के स्तर पर लंबित रहने वाले आवेदन स्वत: निरस्त माने जाएंगे। ऐसे में छात्रवृत्ति के लिए पात्र विद्यार्थियों को अंतिम तिथि से पहले आवेदन जमा करने और त्रुटिपूर्ण आवेदन में जरूरी सुधार करने होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा