मंडी उत्तरशाल क्षेत्र के देवता सुहड़ा का गहरी का प्रकटोत्सव व सायर मेला आयोजित

 






मंडी, 17 सितंबर (हि.स.)। मंडी जिला के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत उतरशाल क्षेत्र के देव वीरनाथ सुहड़ा का गहरी का प्रकटोत्सव धूमधाम से आयोजित किया गया। इस अवसर पर देवता की जाग और सायरी मेले का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने शिरकत की। द्रंग विधानसभा क्षेत्र के विधायक पूर्णचंद ठाकुर भी इस मौके पर मौजूद रहे। देवता कमेटी की ओर से विधायक और बाहर से आए मेहमानों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस अवसर पर देवता वीरनाथ सुहड़ा का गहरी का रथ प्राचीन मंदिर में लाया गया। जहां पर हारियानों की ओर से देवता को सायर पर्व के अनुसार अखरोट और फूलों की टोकरियां भेंट की गई। वहीं पर मंदिर के प्रांगण में देवलु नाटी का आयोजन भी किया गया। गौर तलब है कि देवता सुहड़ा की गहरी की देवलु नाटी अंतर्राष्ट्रीय मंडी शिवरात्रि महोत्सव 2026 की विजेता रही है। देवता के गूर तुलसी राम की अगुवाई में उत्तरशाल क्षेत्र की नाटी का प्रदर्शन किया गया।

इस अवसर पर द्रंग के विधायक पूर्ण ठाकुर ने कहा कि देव सुहड़ा का गहरी के प्रकटोत्सव के अवसर पर हर साल इस मेले का आयोजन किया जाता है। इस बार भी बीती रात देवता की जाग का आयोजन किया गया। वीरवार को सायरी मेले का आयोजन देवता के प्राचीन मंदिर में किया गया। उन्होंने बताया कि इस बार देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से निर्देश दिया गया है। प्राचीन देवालयों में शाम के समय दीये जलाए जाएंगे। इसी कड़ी में सुहड़ा का गहरी, बलवांद का गहरी और पराशर मंदिर में दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। वे स्वयं पराशर मंदिर में होने वाले दीपोत्सव में मौजूद रहेंगे।

वहीं पर देवता वीरनाथ सुहड़ा का गहरी मंदिर कमेटी के महासिचव लेखराम ठाकुर ने बताया कि देवता के प्रकटोत्सव का आयोजन हर वर्ष देवता की जाग और सायरी मेले के रूप में किया जाता है। वहीं पर देवता की ओर से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयेाजन भी किया गया। जिसमें हजारों लोगों ने देवता का प्रसाद ग्रहण किया। वहीं पर देवता की ओर से की जाने वाली कार्यवाही भी देवरीति के अनुसार की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा