शिमला में 14–17 अप्रैल तक सुधांशु महाराज के सान्निध्य में भव्य सत्संग श्रृंखला
शिमला, 30 मार्च (हि.स.)। सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार और आध्यात्मिक चेतना के जागरण के उद्देश्य से विश्व जागृति मिशन द्वारा 14 से 17 अप्रैल तक शिमला के होटल पीटरहॉफ, चौड़ा मैदान में चार दिवसीय भव्य सत्संग एवं प्रवचन श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पूज्य सुधांशु जी महाराज श्रद्धालुओं को अपने दिव्य प्रवचनों, भजन-कीर्तन और ध्यान साधना के माध्यम से आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
विश्व जागृति मिशन हिमाचल प्रदेश के संयोजक अखिलेश कपूर ने बताया कि “सनातन संस्कृति जागरण अभियान” ‘स्व से सर्वस्व’ की भावना पर आधारित है, जो व्यक्ति को आत्मिक उन्नति के साथ समाज सेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नैतिक मूल्यों और संस्कारों की आवश्यकता को देखते हुए यह अभियान समाज के हर वर्ग को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि शिमला के बाद यह आध्यात्मिक यात्रा प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी जारी रहेगी। कुल्लू के ढालपुर में 7 से 10 मई तक सत्संग, मनाली में 11 मई से 10 जून तक चान्दरायण तप एवं ध्यान साधना शिविर तथा सुंदरनगर में 11 से 14 जून तक गीता सत्संग का आयोजन प्रस्तावित है।
इन कार्यक्रमों में प्रवचन, भजन-कीर्तन, ध्यान साधना के साथ-साथ युवा एवं महिला सशक्तिकरण सत्र और समाज जागरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो जनमानस में सकारात्मक परिवर्तन का संदेश देंगे।
मिशन पदाधिकारियों ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन कार्यक्रमों में भाग लेकर अपने जीवन को आध्यात्मिक रूप से समृद्ध बनाएं। इस अवसर पर मंडल प्रधान हरि चंद गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला