सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी को एयूआई की सदस्यता

 

मंडी, 03 मार्च (हि.स.)। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी को एसोसिएशन आफ इंडियन यूनिवर्सिटीस एआईयू, नई दिल्ली की सदस्यता प्रदान की गई है। यह सदस्यता 01 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगी और विश्वविद्यालय को एआईयू, के नॉर्थ ज़ोन में शामिल किया गया है। यह सूचना एआईयू,के महासचिव कार्यालय द्वारा आधिकारिक रूप से दी गई है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्थागत सुदृढ़ीकरण का प्रमाण है।

कुलपति प्रोफेसर ललित कुमार अवस्थी ने कहा एआईयू देश की प्रमुख संस्था है, जो भारत के विश्वविद्यालयों का प्रतिनिधित्व करती है। यह संस्था डिग्री समकक्षता, शैक्षणिक सहयोग, शोध गतिविधियों, खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। एआईयू,की सदस्यता मिलने से विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और अवसर प्राप्त होंगे।

प्रोफेसर अवस्थी ने कहा नव स्थापित विश्वविद्यालय होने के कारण पहले कई बार राष्ट्रीय स्तर के आवेदन पत्र भरते समय विद्यार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। कई ऑनलाइन पोर्टलों में विश्वविद्यालय का नाम सूची में उपलब्ध नहीं होता था, जिससे प्रवेश, फेलोशिप, छात्रवृत्ति, उच्च शिक्षा या अन्य शैक्षणिक आवेदन करते समय समस्या आती थी।

अब एआईयू,की सदस्यता मिलने के बाद ऐसी किसी भी प्रकार की समस्या का सामना विद्यार्थियों को नहीं करना पड़ेगा। विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय स्तर पर औपचारिक मान्यता सुनिश्चित हो गई है, जिससे सभी प्रकार के शैक्षणिक आवेदन और प्रक्रियाएं सरल एवं सुगम होंगी।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने कहा एआईयू की सदस्यता हमारे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। यह हमारी शैक्षणिक गुणवत्ता और निरंतर प्रयासों की पहचान है। इससे हमारे विद्यार्थियों और शिक्षकों को राष्ट्रीय स्तर पर नए अवसर मिलेंगे। हम विश्वविद्यालय को उत्कृष्ट शिक्षा, शोध और नवाचार का केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह उपलब्धि सरदार पटेल विश्वविद्यालय की प्रगति की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। वाइस चांसलर ने इस मौके पर फैकल्टी स्टाफ और स्टूडेंट्स को यूनिवर्सिटी को एकेडमिक रूप से आगे बढ़ाने और उसके मिशन को पूरा करने की उनकी कोशिशों के लिए बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा