गंदगी फैलाने वालों की अब खैर नहीं, नगर परिषद ने शुरू किया सर्वे
नाहन, 04 अप्रैल (हि.स.)। ऐतिहासिक शहर नाहन को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर परिषद पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। शहर की सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए परिषद ने एक व्यापक रणनीति तैयार की है, जिसके तहत न केवल सफाई के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, बल्कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कड़ा रुख अपनाया जा रहा है।
नगर परिषद नाहन के कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि मार्च माह से शहर के हर घर, दुकान और व्यापारिक संस्थान का विस्तृत सर्वे शुरू किया गया है। यह कार्य स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के माध्यम से किया जा रहा है। इस सर्वे का मुख्य उद्देश्य शहर में कुल इकाइयों की सही संख्या का पता लगाना है, ताकि भविष्य में आवश्यकतानुसार नए सफाई कर्मचारी तैनात किए जा सकें और ‘डोर-टू-डोर’ कूड़ा एकत्रीकरण को शत-प्रतिशत प्रभावी बनाया जा सके।
सफाई व्यवस्था को लेकर लापरवाही बरतने वालों को चेतावनी देते हुए संजय कुमार ने स्पष्ट किया है कि खुले में कूड़ा फेंकने की समस्या को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ परिषद अब भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में है। नगर परिषद की इस पहल से साफ है कि आने वाले समय में शहर की स्वच्छता व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर