संचार क्रांति मसीहा सुख राम को श्रद्धांजलि देने उमड़ा जनसमूह

 




मंडी, 27 अप्रैल (हि.स.)। संचार क्रांति के मसीहा रहे पंडित सुख राम को उनके चतुर्थ वार्षिक श्राद्ध ,चबर्खा पर श्रद्धांजलि देने के लिए सोमवार को जनसमूह उमड़ पड़ा। पंडित सुख राम के परिजनों जिनमें उनके बेटे मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा व पौत्र आश्रय शर्मा अग्रणी तौर पर हाजिर रहे, ने सोमवार को मंडी के रानी की बांईं स्थित प्रिस्टन गार्डन में सामूहिक भोज व श्रद्धांजलि कार्यक्रम रखा था। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, पूर्व सांसद व प्रदेश कांग्रेस की पूर्व अध्यक्षा प्रतिभा सिंह समेत कई विधायक, पूर्व मंत्री,पूर्व विधायक व नेता पहुंचे थे।

इस मौके पर प्रतिभा सिंह ने कहा कि पंडित सुख राम की सबसे बड़ी उपलब्धि संचार क्रांति रही है। उन्होंने एक बार उनसे कहा था कि एक दिन ऐसा आएगा कि हर आदमी की जेब में फोन की घंटी बजेगी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि उस समय व हैरान रह गई थी कि पंडित सुख राम यह क्या बोल रहे हैं। मैंने उनसे पूछा था कि ऐसा कैसे हो सकता है तो उन्होंने कहा था कि देखना एक दिन ऐसा ही होगा। उन्होंने कहा कि आज यह सब सामने है। पंडित सुख राम ने राजनीति में अच्छा समय निकाला और ऐसे ऐसे काम किए जो लोग आज भी उनको याद करते हैं। ऐसे में उनको आज श्रद्धांजलि देने का सही समय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा