एसडीएम ने बच्चों से की सीधी वार्ता, लक्ष्य निर्धारण व नशा मुक्ति पर दिया विशेष संदेश
मंडी, 29 नवंबर (हि.स.)। मंडी जिला के जोगिंद्रनगर उपमंडल के एसडीएम मनीश चौधरी अपना विद्यालय कार्यक्रम के अंतर्गत गोद लिए गए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सैंथल पहुंचे। इस अवसर पर उनके साथ सीडीपीओ चौंतड़ा बी.आर. वर्मा तथा आयुर्वेद विभाग से डॉ. गौरव भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सीडीपीओ ने बच्चों को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी, जिनमें सुखशिक्षा योजना मुख्य रूप से चर्चा का केंद्र रही। वहीं, डॉ. गौरव ने व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी बच्चों के साथ साझा की।
एसडीएम मनीश चौधरी ने बच्चों के साथ संवादात्मक वार्ता की और उन्हें आत्मविश्वास, दृढ़ निश्चय व निरंतर प्रयासों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में ही लक्ष्य तय करना आवश्यक होता है ताकि भविष्य की दिशा स्पष्ट रहे। उन्होंने कहा कि स्कूल जीवन केवल परीक्षा पास करने के लिए नहीं, बल्कि भविष्य की दिशा तय करने के लिए होता है। यदि आप आज संकल्प लेंगे और निरंतर मेहनत करेंगे, तो जीवन में कोई लक्ष्य मुश्किल नहीं है।
उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने की अपील की तथा विशेष संदेश देते हुए कहा कि नशा एक ऐसी गर्त है, जहां गिरना आसान और वापस लौटना बेहद कठिन होता है, इसलिए इससे जितना दूर रहेंगे, उतना बेहतर।
इसके अतिरिक्त उन्होंने स्कूल में मिड-डे मील योजना के तहत परोसे जा रहे भोजन की भी गुणवत्ता जांची और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम के अंत में प्रिंसिपल मुकता टंडन ने प्रशासन का धन्यवाद जताते हुए कहा कि अपना विद्यालय जैसी पहल सरकारी स्कूलों में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है और इससे बच्चों में आत्मविश्वास व शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा