हमीरपुर में द्विदिवसीय कार्यशाला सम्पन्न, समरस समाज व ग्राम विकास पर हुआ मंथन
हमीरपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। हमीरपुर स्थित ठाकुर राम सिंह स्मृति न्यास में हिमाचल प्रांत की विभिन्न गतिविधियों को लेकर द्विदिवसीय बैठक सह कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा, ग्राम विकास और धर्मजागरण से जुड़े लगभग 150 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, जिनमें 15 महिलाएं भी शामिल रहीं।
दो दिनों तक चले इस आयोजन में कुल सात सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विषय विशेषज्ञों ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उत्तर क्षेत्र ग्राम विकास प्रमुख राकेश कुमार ने समाज में व्याप्त कुरीतियों के उन्मूलन के लिए समरस समाज निर्माण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने भारतीय परिवार व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए संयुक्त परिवारों के महत्व, बच्चों में बाल्यकाल से संस्कारों के विकास, आदर्श ग्राम की परिकल्पना तथा जल, जन, जंगल और जमीन के संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
इसके साथ ही उन्होंने आध्यात्मिक मूल्यों के संवर्धन, नागरिक कर्तव्यों के पालन और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी प्रेरणादायक विचार साझा किए। कार्यक्रम के दौरान मातृशक्ति ने सत्संग के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर सह क्षेत्र व्यवस्था प्रमुख राजेन्द्र कुमार, सह प्रांत संघचालक अशोक शर्मा, प्रांत कार्यवाह डॉ. चन्द्र प्रकाश, विपिन कुमार, प्रांत प्रचारक संजय कुमार, ओमप्रकाश सहित अन्य पदाधिकारी एवं गतिविधियों के प्रांत संयोजक एवं सह-संयोजक भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला