रोहड़ू नगर परिषद चुनाव में 77 फीसदी से ज्यादा मतदान, कोर्ट रोड और शक्तिनगर वार्ड सबसे आगे

 




शिमला, 22 मई (हि.स.)। रोहड़ू नगर परिषद चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। नगर परिषद के सभी 9 वार्डों में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। रिटर्निंग अधिकारी (एमसी) एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा ने बताया कि नगर परिषद रोहड़ू में कुल 77.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि नगर परिषद रोहड़ू में कुल 3151 मतदाता थे, जिनमें से 2436 मतदाताओं ने मतदान किया। कुल 1652 पुरुष मतदाताओं में से 1274 ने वोट डाला और पुरुष मतदान प्रतिशत 77.12 रहा। वहीं 1499 महिला मतदाताओं में से 1162 महिलाओं ने मतदान किया और महिला मतदान प्रतिशत 77.52 दर्ज किया गया।

वार्डवार आंकड़ों पर नजर डालें तो वार्ड नंबर 9 शक्तिनगर में सबसे ज्यादा 81.21 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस वार्ड में महिला मतदाताओं का उत्साह सबसे अधिक देखने को मिला और यहां महिला मतदान प्रतिशत 86.76 रहा। वहीं वार्ड नंबर 7 कोर्ट रोड क्षेत्र में कुल मतदान प्रतिशत 80.98 दर्ज किया गया, जो सभी वार्डों में दूसरे स्थान पर रहा।

वार्ड नंबर 2 अपर बाजार में 80.90 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि वार्ड नंबर 1 दशालनी में 79.12 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वार्ड नंबर 3 मुख्य बाजार में 78.71 प्रतिशत और वार्ड नंबर 4 समाला में 76.53 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

इसके अलावा वार्ड नंबर 5 बस स्टैंड क्षेत्र में 74.30 प्रतिशत, वार्ड नंबर 8 बावटीनाला में 73.91 प्रतिशत और वार्ड नंबर 6 ब्लॉक क्षेत्र में सबसे कम 68.38 प्रतिशत मतदान हुआ।

प्रशासन के अनुसार पूरे चुनाव के दौरान मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही और सभी मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की गईं। अब चुनाव परिणामों पर सभी की नजरें टिकी हैं, जिनकी घोषणा आज शाम को की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा