रोहड़ू अस्पताल में बढ़ीं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं, 23 करोड़ से बन रहा 50-बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक
शिमला, 27 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शिमला जिला के नागरिक अस्पताल रोहड़ू में आधुनिक चिकित्सा सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। अस्पताल में सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, डिजिटल एक्स-रे, ब्लड बैंक, डायलिसिस, वेंटिलेटर सहित हाई डिपेंडेंसी यूनिट और विभिन्न रोगों के ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध है। इससे रोहड़ू सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को उपचार और जांच के लिए शिमला जाने की जरूरत कम हुई है।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविंद्र शर्मा के अनुसार अस्पताल में 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध हैं। रोहड़ू, जुब्बल, कोटखाई, चौपाल और डोडरा-क्वार के साथ पड़ोसी उत्तराखंड के लोग भी यहां स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले रहे हैं। अस्पताल की सेवा सीमा करीब तीन लाख आबादी तक है। यहां 200 बिस्तरों की क्षमता है और रोजाना औसतन 800 से 1000 मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं। प्रतिदिन 120 से 130 मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया जाता है। हर महीने औसतन 100 से 120 बड़ी और छोटी सर्जरी तथा 110 से 115 प्रसव होते हैं।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से 50-बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया जा रहा है। इसमें भवन पर करीब 17 करोड़ और उपकरणों पर छह करोड़ रुपये खर्च प्रस्तावित हैं। निर्माण करीब 15 प्रतिशत पूरा हो चुका है और इसे लगभग दो वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है। ब्लॉक में 20 आपातकालीन बेड, लेबर रूम, दो ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, आइसोलेशन वार्ड, समर्पित लैब, लिफ्ट, रैंप और हीटिंग सिस्टम सहित सुविधाएं होंगी।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में चार-बेड की डे-केयर कैंसर यूनिट भी स्थापित की जा रही है। इसकी डीपीआर तैयार है और स्थान तय हो चुका है। अभी कैंसर मरीजों को कीमोथेरेपी दी जा रही है।
करीब छह लाख रुपये की पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन से जांच शुरू हो चुकी है। पोर्टेबल एक्स-रे मशीन करीब 28 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई है और तीन सप्ताह में जांच शुरू होने की संभावना है। इसके संचालन के लिए वायरिंग और अर्थिंग का काम किया जा रहा है। इसके अलावा डुअल मोड 16-स्लाइस सीटी स्कैन मशीन को मंजूरी मिल चुकी है और इसे दो माह में स्थापित करने का लक्ष्य है। अस्पताल में 50 यूनिट क्षमता का ब्लड बैंक भी सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा