सिरमौर में भारी बारिश से 28 सड़कें बंद, जल शक्ति की 29 योजनाएं प्रभावित, 4.12 करोड़ का नुकसान

 


नाहन, 06 अगस्त (हि.स.)। जिला सिरमौर में पिछले 24 घंटों में हुई भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। आपदा बुलेटिन के अनुसार जिले में लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग की संपत्ति को करीब 4 करोड़ 12 लाख 41 हजार रुपये का नुकसान आंका गया है। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश नाहन में 41.2 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा राजगढ़ में 25 मिमी, नोहराधार में 20 मिमी, पांवटा साहिब में 14.8 मिमी, शिलाई में 11.4 मिमी और संगड़ाह में 10 मिमी बारिश हुई। ददाहू में बारिश नहीं हुई।

एचपीडब्ल्यूडी की रिपोर्ट के मुताबिक भारी बारिश के कारण जिले की 28 सड़कें क्षतिग्रस्त/बंद हो गई हैं। इनमें संगड़ाह डिवीजन की 15, नाहन डिवीजन की 11 और पांवटा साहिब डिवीजन की 2 सड़कें शामिल हैं। इससे लोक निर्माण विभाग को अनुमानित 96 लाख 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।

वहीं जल शक्ति विभाग की 29 पेयजल योजनाएं और 4 सिंचाई योजनाएं भी बारिश से प्रभावित हुई हैं। नाहन डिवीजन में 11, नोहराधार डिवीजन में 18 पेयजल योजनाएं और नोहराधार में 4 सिंचाई योजनाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। जल शक्ति विभाग को अनुमानित 3 करोड़ 15 लाख 91 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।

राहत की बात यह है कि आपदा में किसी भी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है और निजी संपत्ति को भी कोई नुकसान नहीं हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर