नाहन में मोक्ष धाम की सड़क निर्माण का कार्य शुरू,विधायक अजय सोलंकी ने किया निरीक्षण
नाहन, 13 जून (हि.स.)। सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में मोक्ष धाम को लेकर जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यकरण कार्य चला हुआ है इसी कड़ी में आज वहां जाने वाली सड़क को पक्का बनाने का कार्य आरंभ हुआ। लगभग साढ़े आठ लाख की लागत से यह चरणबद्ध कार्य शुरू हुआ। इसके बनने से लोगो को सुविधा मिलेगी और आवागमन सुगम हो जाएगा। विधायक नाहन अजय सोलंकी ने शनिवार को स्थानीय नगर परिषद पार्षदों के साथ निर्माण कार्य का जायजा लिया और सड़क की गुणवत्ता को लेकर निर्देश भी दिए।
विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि मोक्ष धाम एक ऐसा स्थान है जहां पर सभी कर आना जाना होता है। इसीलिए पिछले अढ़ाई साल से स्थानीय पार्षद और आमजन सहयोग से मोक्ष धाम में सौंदर्यकरण और जीर्णाधार कार्य चला हुआ है। इसी कड़ी में यह सड़क का निर्माण कार्य भी शुरू किया गया है। इसके लिए पहले भी धन दिया गया था लेकिन नगर परिषद ने रुचि नहीं दिखाई जिसके चलते अब डीआरडीए के माध्यम से कार्य किया जा रहा है। इस सड़क को बेहतर बनाया जाएगा ताकि लोगो को सुविधा मिल सके।
सोलंकी ने कहा कि विकास कार्यों में कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए़ बस लोगों को सुविधा मिलनी चाहिए़। वो कोई राजनीति नहीं करते और न ही कोई प्रचार। उनका दायित्व है इलाके का विकास करना। पिछले अढ़ाई वर्षों में किए कार्य अब मूर्त रूप लेने लगे हैं और नाहन क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर