हिमाचल की सड़क परियोजनाओं को मिली रफ्तार, जलोड़ी टनल के लिए 1,775 करोड़ की डीपीआर : मंत्री विक्रमादित्य सिंह
शिमला, 10 अगस्त (हि.स.)। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को कहा कि दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से हुई मुलाकातों में प्रदेश से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ हुई बैठक में हिमाचल में चल रही नई और पुरानी सड़क परियोजनाओं की स्थिति पर बात हुई।
विक्रमादित्य सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कुल्लू जिले के बंजार क्षेत्र में लुहरी-ओट सड़क के सुधार के लिए 25 करोड़ रुपये की डीपीआर केंद्र सरकार को भेजी गई थी और इसे मंजूरी मिल गई है। उन्होंने कहा कि इस सड़क के सुधरने से क्षेत्र के लोगों को काफी फायदा होगा। उन्होंने बताया कि जलोड़ी टनल के काम के लिए 1,775 करोड़ रुपये की डीपीआर केंद्र सरकार को भेजी गई है।
लोक निर्माण मंत्री के मुताबिक कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां से राष्ट्रीय राजमार्ग तक सड़क के लिए 395 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। शिमला जिले की ठियोग-जुब्बल-कोटखाई सड़क के काम के लिए भी 240 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इस सड़क को अपग्रेड किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह इलाका सेब उत्पादन के लिए जाना जाता है और सड़क बेहतर होने से बागवान अपनी फसल समय पर मंडियों तक पहुंचा सकेंगे।
विक्रमादित्य सिंह ने बद्दी के पास प्रस्तावित ‘हिम चंडीगढ़’ शहर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं विकसित करने के लिए जल्द ही केंद्र सरकार को डीपीआर भेजी जाएगी। उन्होंने शिमला की सब्जी मंडी के प्रस्तावित निर्माण की जानकारी देते हुए कहा कि इस परियोजना पर करीब 500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पहले चरण में 150 करोड़ रुपये का काम शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अमृत योजना के तहत प्रदेश की 31 स्थानीय निकायों में भी काम चल रहा है। सीवरेज व्यवस्था में सुधार के लिए आधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी। मनाली में वेंडिंग जोन के विकास के लिए 12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के माध्यम से भी हिमाचल में कई विकास योजनाएं चल रही हैं और राज्य सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों के समान विकास पर काम कर रही है।
दिल्ली दौरे के दौरान कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि दोनों नेताओं के साथ प्रदेश में कांग्रेस संगठन को और मजबूत करने को लेकर बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करना पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है।
स्वतंत्रता दिवस पर किसी भी जिले में झंडा फहराने के लिए उनकी ड्यूटी नहीं लगाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह सरकार का निर्णय है। सभी मंत्रियों को अलग-अलग स्थानों पर जिम्मेदारी दी गई है और पार्टी तथा सरकार के निर्देशों का पालन किया जाएगा।
धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा के हालिया बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपनी बात रखते समय मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा