नाहन-पांवटा रोड 3 घंटे जाम, ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज
नाहन, 08 अगस्त (हि.स.)। नाहन के साथ लगते नवोदय विद्यालय के पास सड़क के बीचों-बीच ट्राला खड़ा करने से नाहन-पांवटा मार्ग 3 घंटे तक बंद रहा। पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गाड़ी को कब्जे में लिया है। पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि नवोदय विद्यालय के पास ट्रक खराब होने से जाम लगा है। सूचना पर ए एस आई जसविंदर मौके के लिए रवाना हुए।
थापा हट खजूरना से पीछे मोड़ पर पहुंचने पर पाया कि ट्राला सड़क के बीचों-बीच तिरछा खड़ा है। इससे नाहन-पांवटा रोड पूरी तरह बंद हो गई थी। ट्राला चालक समीर खान पुत्र अफजल खान निवासी गांव मण्डोपुर तहसील रामपुर जिला सहारनपुर यू पी मौके पर मौजूद मिला। आरसी के अनुसार ट्राला करनाल हरियाणा निवासी प्रो0 आशीष चौधरी के नाम दर्ज है।
पुलिस ने पाया कि चालक जाम खुलवाने का कोई प्रयास नहीं कर रहा था। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। आम जनता की आवाजाही बाधित होने और लोक संकट की स्थिति बनने पर पुलिस ने ट्राला रेत के साथ कब्जे में लिया। पुलिस ने मौके पर जेसीबी बुलाकर ट्राला से रेत निकलवाई। खाली होने के बाद जेसीबी की मदद से ट्रोले को हटाकर सड़क किनारे कच्ची जगह पर खड़ा किया गया। इसके बाद 3 घंटे की लगातार मेहनत से दोनों तरफ का यातायात बहाल किया गया।
पुलिस ने ट्राला चालक द्वारा सड़क के बीच गाड़ी खड़ी कर आमद-रफ्त में बाधा डालने के कारण उसके खिलाफ धारा 285 बीएनएस के तहत थाना सदर नाहन में
एफ आई आर दर्ज की गई है। मामले की तफ्तीश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर