जाहलमा नाला में लगातार पत्थर गिरने से रात के समय वाहनों की आवाजाही पर रोक
शिमला, 27 मई (हि.स.)। लाहौल-स्पीति के उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष किरण भड़ाना ने जानकारी दी है कि जाहलमा नाला के समीप लगातार पत्थर गिरने की घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन रात्रि के समय वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने संबंधी एडवाइजरी पहले ही जारी कर दी है।
जारी निर्देशों के अनुसार आगामी आदेशों तक प्रतिदिन शाम 7:00 बजे से प्रातः 7:00 बजे तक इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
उन्होंने बताया कि सीमा सड़क संगठन से प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार करने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। प्रशासन को उम्मीद है कि यह वैकल्पिक मार्ग आज शाम तक चालू कर दिया जाएगा।
उपायुक्त ने यात्रियों एवं स्थानीय लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित क्षेत्र में अनावश्यक यात्रा से बचें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला