उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे मेले का शुभारंभ,उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप होंगे आयोजन
नाहन, 18 नवंबर (हि.स.)।अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला 2026 के सफल आयोजन के लिए उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने श्री रेणुकाजी में तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला का विधिवत शुभारंभ 19 नवंबर को हिमाचल प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे। इससे पूर्व उप-मुख्यमंत्री संगड़ाह तथा ददाहू के बस स्टैंड की आधारशिला रखने के उपरांत ददाहू से लाना चेता व ददाहू से पांवटा साहिब के लिए बस को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे।
उपायुक्त ने कहा कि छह दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का आयोजन माननीय उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा। उन्होंने हिमाचल प्रदेश तथा बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं से इस मेले में बढ़-चढ़ कर भाग लेने का आग्रह किया। इस मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से मेला परिसर में विभिन्न स्थानों पर जागरूकता संबंधी साइन बोर्ड एवं होर्डिंग लगाए गए हैं। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं और आगंतुकों को प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए आज श्री रेणुकाजी में संबंधित विभागों के साथ-साथ स्वयंसेवी संस्थाओं, महाविद्यालय तथा स्कूलों के एनएसएस के छात्रों के साथ विचार विमर्श कर सहयोग का आग्रह किया, ताकि मेला परिसर में स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने ने बताया कि मेले को प्लास्टिक मुक्त घोषित करने के लिए प्राकृतिक पत्तों से बनी पतलों की व्यवस्था भी की गई है।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि उच्च न्यायालय के निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करते हुए परशुराम ताल एवं रेणुका झील परिसर में किसी भी प्रकार के व्यापारिक स्टॉल नहीं लगाए जाएंगे। मेले के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित की जाएंगी।
उन्होंने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने के साथ-साथ प्लास्टिक का उपयोग न करें तथा स्वच्छता बनाए रखने में अपना सहयोग दें, ताकि अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का आयोजन सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं पर्यावरण के अनुकूल ढंग से संपन्न हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर