रेणुका मेले के दौरान किसानों को मिलेगी किसान पंजीकरण की सुविधा

 

नाहन, 17 नवंबर (हि.स.)। भारत सरकार की एग्रीस्टैक योजना के तहत प्रदेश में किसानों के पंजीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत किसानों का पंजीकरण होना अति आवश्यक हो गया है, ताकि किसानों की मूल जानकारी सरकार के पास उपलब्ध हो सके। पंजीकृत किसान ही केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ भी उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनकी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण होगी।

उप कृषि निदेशक जिला सिरमौर ने बताया कि कृषि विभाग सिरमौर जिला के सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री करवाने के लिए प्रतिबद्ध है और 19 नवंबर से शुरू होने वाले श्रीरेणुका जी मेले में कृषि विभाग की ओर से स्टॉल लगाया जाएगा, जहां किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके लिए स्थानीय लोक मित्र केंद्र के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

फार्मर रजिस्ट्री के लिए किसानों को अपना आधार कार्ड, आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर तथा अपनी भूमि का कम से कम एक खसरा नंबर साथ लाना अनिवार्य है। उन्होंने जिले के सभी किसानों, विशेषकर अभी तक पंजीकरण से वंचित किसानों से अपील की कि वे उक्त आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेजों के साथ रेणुका मेले में पहुंचें और इस सुविधा का लाभ उठाते हुए मौके पर ही अपनी फार्मर रजिस्ट्री करवाएं।

फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित जानकारी एवं सहायता के लिए किसान अपने संबंधित कृषि खंड कार्यालयों में भी संपर्क कर सकते हैं। नाहन कृषि खंड के लिए 8559000027, पांवटा साहिब एवं तिलोरधार कृषि खंड के लिए 9418139578, शिलाई कृषि खंड के लिए 8629815715, पच्छाद कृषि खंड के लिए 9805107165 तथा राजगढ़ कृषि खंड के लिए 9418318051 पर संपर्क किया जा सकता है।

उन्होंने जिला सिरमौर के सभी किसानों से आग्रह किया कि वे फार्मर रजिस्ट्री अभियान में सहयोग करें और सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए समय रहते अपना पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर