रेड रिबन क्लब के पीयर एजुकेटर्स एवं नोडल अधिकारियों का ओरिएंटेशन कार्यक्रम एवं एक्सपोज़र विजिट

 


मंडी, 30 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति के निर्देशानुसार जिला एड्स नियंत्रण कार्यक्रम, मंडी द्वारा रेड रिबन क्लब के पीयर एजुकेटर्स एवं नोडल अधिकारियों के लिए एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम एवं एक्सपोज़र विजिट का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी सह वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश ठाकुर ने की।

डॉ. दिनेश ठाकुर ने युवाओं से स्वैच्छिक रक्तदान को जन आंदोलन बनाने, सुरक्षित जीवनशैली अपनाने तथा एचआईवी, हेपेटाइटिस एवं अन्य यौन संचारित संक्रमणों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। जिला एड्स कार्यक्रम अधिकारी, डॉ. अरिंदोम रॉय ने कहा कि रेड रिबन क्लब के पीयर एजुकेटर्स एवं नोडल अधिकारी युवाओं तक सही एवं वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण एवं एक्सपोज़र विजिट विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें समाज में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के प्रभावी दूत बनने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम के दौरान बीसीएसयू काउंसलर संगीता ठाकुर, आईसीटीसी काउंसलर श्यामलता ठाकुर, एसटीआई काउंसलर सीमांत गुलेरिया तथा आईसीटीसी सुंदरनगर की काउंसलर मुनीष प्रभा ने प्रतिभागियों को एचआईवी/एड्स, हेपेटाइटिस-बी एवं सी, एबीसी रणनीति, यौन संचारित संक्रमण, सुरक्षित रक्ताधान, स्वैच्छिक रक्तदान, रक्त घटक पृथक्करण, सुरक्षित रक्त की उपलब्धता तथा संक्रमण की रोकथाम विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।

इसके उपरांत प्रतिभागियों को ब्लड सेंटर, आईसीटीसी तथा एआरटी सेंटर, जोनल अस्पताल मंडी का एक्सपोज़र विजिट करवाया गया। इस दौरान उन्हें रक्तदान से लेकर रक्त संग्रहण, रक्त की जांच, रक्त घटक पृथक्करण, रक्त भंडारण, रक्त वितरण प्रणाली, रक्त की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की प्रक्रिया, एचआईवी परामर्श एवं परीक्षण सेवाओं तथा एआरटी सेंटर द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने विभिन्न सेवाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन कर उनके संचालन की जानकारी प्राप्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा