कालाअंब की कंपनी में मैनेजर, केमिस्ट और ऑपरेटर सहित 28 पदों पर भर्ती

 

नाहन, 17 मार्च (हि.स.)। रोजगार कार्यालय के माध्यम से मैसर्ज वरव बायोजेनेसिस प्राइवेट लिमिटेड, कालाअंब सिरमौर में 02 पद मेनेजर, 01 सीनियर एग्जीक्यूटिव, 12 केमिस्ट, 11 ऑपरेटर तथा 02 पद इलेक्ट्रीशियन के भरे जाने है। इन पदों के लिए साक्षात्कार 20 मार्च 2026 को उपरोजगार कार्यालय पांवटा साहिब में प्रातः 10ः30 बजे से आयोजित किए जाएंगे।

जिला रोजगार अधिकारी देविन्द्र कुमार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि इसमें अनुभवी और योग्य उम्मीदवारों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। कंपनी द्वारा निर्धारित मानदंडों के अनुसार, मैनेजर के दो पदों के लिए बी.फार्मा या एम.फार्मा के साथ 15 से 20 वर्ष का लंबा अनुभव अनिवार्य किया गया है, जिसके लिए 1 लाख रुपये का आकर्षक वेतनमान दिया जाएगा। वहीं, सीनियर एग्जीक्यूटिव के एक पद के लिए बी.फार्मा या एम.फार्मा की डिग्री और 8 से 10 वर्ष का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को 35 से 40 हजार रुपये प्रति माह वेतन मिलेगा।

केमिस्ट के 12 पदों के लिए बी.फार्मा, एम.फार्मा, बी.एससी या एम.एससी की योग्यता के साथ 03 से 05 वर्ष का अनुभव आवश्यक है, जिसमें चयनित युवाओं को 15 से 25 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। इसी प्रकार, ऑपरेटर के 11 पदों के लिए 10वीं, 12वीं या आईटीआई पास होने के साथ 08 से 10 वर्ष का अनुभव मांगा गया है, जबकि इलेक्ट्रीशियन के 02 पदों के लिए आईटीआई या संबंधित डिप्लोमा के साथ 03 से 05 वर्ष का अनुभव होना अनिवार्य है। इन दोनों ही श्रेणियों के लिए वेतनमान 15 हजार से 25 हजार रुपये प्रति माह के बीच रहेगा।

कंपनी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार इन सभी पदों के लिए केवल पुरुष उम्मीदवार ही आवेदन के पात्र होंगे। अभ्यर्थियों की आयु 20 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए

इच्छुक अभ्यर्थी 20 मार्च को अपनी शैक्षणिक तथा योग्यता संबंधी दस्तावेज, स्थायी हिमाचली प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, 2 पासपोर्ट फोटो तथा अन्य संबंधित प्रमाण पत्रों सहित कैम्पस इंटरव्यू में भाग ले सकते है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर