प्रो. प्रेम कुमार धूमल के आशीर्वाद से और सशक्त होगा जनसेवा का संकल्प : इंद्रदत्त लखनपाल

 


हमीरपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। बड़सर विधानसभा क्षेत्र के चारों जिला परिषद वार्डों से विजयी होकर आए भाजपा समर्थित जिला परिषद सदस्यों ने मंगलवार को विधायक इंद्रदत्त लखनपाल और जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में समीरपुर पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल से शिष्टाचार भेंट की तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

प्रतिनिधिमंडल में नवनिर्वाचित जिला परिषद उपाध्यक्ष गुरदीप सिंह, बड़सर भाजपा मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा सहित बड़सर विधानसभा क्षेत्र के अन्य तीन नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि जिला परिषद चुनाव में जनता ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों, संगठन की कार्यशैली और विकास के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता पर अपना पूर्ण विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक जनादेश के बाद सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधि पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ क्षेत्र के विकास तथा जनसेवा के लिए कार्य करेंगे।

जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि बड़सर विधानसभा क्षेत्र के चारों जिला परिषद वार्डों में भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशियों की विजय जनता के अटूट विश्वास और संगठन की एकजुटता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल से आशीर्वाद प्राप्त करना भारतीय जनता पार्टी की उस कार्यसंस्कृति का प्रतीक है, जिसमें वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के समर्पण को सर्वोच्च महत्व दिया जाता है। राकेश ठाकुर ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी निर्वाचित सदस्य संगठन की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए जनसेवा, विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित करेंगे तथा बड़सर विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को जीत की बधाई देते हुए उन्हें जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करने, पारदर्शिता बनाए रखने तथा प्रत्येक वर्ग के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना प्रत्येक जनप्रतिनिधि का दायित्व है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी सदस्य विकास, सुशासन और सेवा की भावना को लेकर अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा