राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव-2026: के.पी. सक्सेना के चर्चित नाटक गज फुट इंच का मंचन

 




मंडी, 03 अक्टूबर (हि.स.)। मंडी जिला के कलाग्राम सतोहल की वादियों में रंगमंच की धूम शुरू हो गई है। हिमाचल सांस्कृतिक शोध संस्थान व रंगमंडल द्वारा आयोजित राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव 2026 का शुभारंभ शकुंतलम प्रेक्षागृह में आयोजित होने वाले पांच दिवसीय नाट्य महोत्सव की प्रथम संध्या में उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन बतौर मुख्यअतिथि मौजूद रहे। उन्होंने दीप प्रज्जवलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। प्रथम प्रस्तुति के रूप में उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के सौजन्य से गज फुट इंच प्रसिद्ध व्यंग्यकार एवं लेखक के.पी. सक्सेना का चर्चित हास्य-व्यंग्य नाटक मंचित किया गया।

हिमाचल सांस्कृतिक शोध संस्थान व रंगमंडल की संचालक सचिव सीमा शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की तरह आयोजित होने वाले राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव में हिमाचल के अलावा बाहरी राज्यों से रंगकर्मी आकर अपनी प्रस्तुतियां दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि समारोह की प्रथम प्रस्तुति संवाद थियेटर ग्रुप, चंडीगढ़ की रही। इस प्रस्तुति का निर्देशन मुकेश शर्मा ने किया है। नाटक के शीर्षक में प्रयुक्त गज, फुट और इंच केवल नाप-जोख की इकाइयां नहीं हैं। बल्कि वे उन सामाजिक पैमानों के प्रतीक हैं, जिनसे समाज अक्सर मनुष्य की हैसियत, प्रतिष्ठा और महत्व को मापने लगता है।

नाटक की कथा एक कपड़ा व्यापारी और उसके बेटे के इर्द-गिर्द विकसित होती है, जिसके माध्यम से सामाजिक सोच और मानवीय व्यवहार की कई परतें हास्य और व्यंग्य के साथ सामने आती हैं।

के.पी. सक्सेना की विशिष्ट शैली में रचा गया यह नाटक हास्य, शब्दों की चुटीली बुनावट और परिस्थितिजन्य व्यंग्य के माध्यम से सामाजिक विसंगतियों, दिखावे, स्वार्थ, प्रतिष्ठा की होड़ और बदलते मानवीय मूल्यों पर तीखी टिप्पणी करता है। नाटक की खूबी यह है कि दर्शक लगातार हंसते हैं, लेकिन इसी हंसी के बीच उन्हें अपने आसपास के समाज और कहीं न कहीं अपने व्यवहार और सोच के पैमानों पर भी विचार करने का अवसर मिलता है। नाटक एक महत्वपूर्ण प्रश्न सामने रखता है।

इस अवसर पर एसपीयू की पूर्व प्रो. वी.सी अनुपमा सिंह ने शिकस्त की। इसके अतिरिक्त शहर के सभी गणमान्य साहित्यकार, कलाकार, वह मंडी का प्रबुद्ध वर्ग विराजमान रहे। राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव की प्रथम संध्या प्रस्तुति का सभी दर्शकों ने आनंद लिया और सभी कलाकारों को बधाई दी।

संस्था के अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने मुख्य अतिथि तथा सभी श्रोताओं का आभार व्यक्त किया। यह राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव निरंतर 6 अक्टूबर तक निरंतर सतोहल नाट्य रंगशाला शाकुंतलम में शाम 6:30 बजे से निरंतर चलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा