राष्ट्रीय खेल दिवस एवं बैग फ्री डे पर खेलकूद और जागरूकता गतिविधियों का आयोजन
मंडी, 31 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय खेल दिवस एवं बैग फ्री डे के अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तल्याहड़ में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेलकूद एवं सामाजिक जागरूकता गतिविधियों का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, शारीरिक फिटनेस, स्वच्छता तथा नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा।
इस अवसर पर नशा मुक्त भारत अभियान के तहत अंडर-14 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं की 2 किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों के लिए बैडमिंटन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य मीनाक्षी जोशी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेल न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक विकास और व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, नियमित खेल गतिविधियों में भाग लेने तथा स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा