मंडी जिला में 2.18 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी कृमिनाशक दवा
मंडी, 15 सितंबर (हि.स.)। मंडी जिला में 18 सितंबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले में एक वर्ष से 19 वर्ष तक की आयु के 2,18,561 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, एक से पांच वर्ष की आयु के 56,505 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक भी दी जाएगी।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाना उनके बेहतर स्वास्थ्य और शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी अभिभावकों से आह्वान किया कि वे 18 सितंबर को अपने बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि एल्बेंडाजोल की दवा जिले के सभी संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों और शिक्षण संस्थानों में पहुंचा दी गई है।
एल्बेंडाजोल के सेवन एवं इसके प्रयोग से संबंधित जानकारी के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पवनेश महंत के मोबाइल नंबर 8219282530 पर संपर्क किया जा सकता है। डॉ. पवनेश ने बताया कि 1 से 2 वर्ष की आयु के बच्चों को एल्बेंडाजोल की आधी गोली तथा 2 से 19 वर्ष की आयु के बच्चों को पूरी गोली दी जाएगी। दवा को पीसकर या चबाकर ही खिलाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा