सतोहल नाट्य अकादमी में संपन्न हुआ पांचवां राष्ट्रीय नाट्य समारोह

 


मंडी, 08 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल सांस्कृतिक शोध संस्थान एवं थिएटर रिपर्टरी, सतोहल, मंडी द्वारा आयोजित पांचवां राष्ट्रीय नाट्य समारोह पांच सफल संध्याओं के साथ संपन्न हो गया। इस समारोह में देश के विभिन्न हिस्सों से आए रंग समूहों ने हास्य-व्यंग्य, सामाजिक सरोकार, स्त्री-विमर्श, मनोवैज्ञानिक संबंधों और साहित्यिक जीवन-कथाओं पर आधारित पांच अलग-अलग नाट्य प्रस्तुतियां दीं। समारोह का शुभारंभ चंडीगढ़ के संवाद थिएटर ग्रुप की प्रस्तुति ‘गज फुट इंच’ से हुआ। के. पी. सक्सेना द्वारा लिखित और मुकेश शर्मा द्वारा निर्देशित इस हास्य-व्यंग्य नाटक ने दर्शकों को हँसाने के साथ-साथ आज के भौतिकतावादी जीवन, बढ़ती स्वार्थपरता और आत्मकेंद्रित होती मानवीय संवेदनाओं पर गंभीरता से सोचने के लिए प्रेरित किया। लगभग डेढ़ घंटे की इस प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा।

समारोह के दूसरे दिन उज्जैन के रंगकर्मियों ने जे. बी. प्रीस्टली के प्रसिद्ध नाटक ‘ ऐन इन्सपेक्टर कॉल, का हिंदी रूपांतरण ‘एक इंस्पेक्टर से मुलाकात’ प्रस्तुत किया। सुरेंद्र शर्मा एवं प्रतिभा शर्मा के हिंदी अनुवाद और वरिष्ठ रंगकर्मी शशि शर्मा के निर्देशन में हुई इस प्रस्तुति ने सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनाओं के महत्वपूर्ण प्रश्नों को प्रभावशाली ढंग से सामने रखा।

तीसरी संध्या दिल्ली की रंग विरासत की प्रस्तुति ‘व्यक्तिगत’ के नाम रही। लक्ष्मी नारायण लाल द्वारा लिखित और वंदना वशिष्ठ द्वारा निर्देशित इस नाटक में स्त्री-पुरुष संबंधों, मनोवैज्ञानिक द्वंद्व और सामाजिक सरोकारों को केंद्र में रखा गया। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय से प्रशिक्षित निर्देशक एवं कलाकारों की इस कसी हुई प्रस्तुति को दर्शकों ने विशेष रूप से सराहा।

चौथी संध्या भोपाल के चेतना रंग समूह ने जयवर्धन लिखित और आशीष श्रीवास्तव निर्देशित गांधारी प्रस्तुत की। महाभारत की गांधारी के माध्यम से समकालीन स्त्री के प्रश्नों, स्त्री-विमर्श और सशक्तीकरण को मंच पर प्रभावशाली ढंग से उकेरा गया। लगभग 70 मिनट की इस प्रस्तुति में पांच महिला और एक पुरुष कलाकारों ने लगभग 30 पात्रों का निर्वाह किया। समारोह की अंतिम संध्या पर हिमाचल सांस्कृतिक शोध संस्थान एवं रंगमंडल, मंडी की ओर से अमृता प्रीतम के जीवन पर आधारित एकल प्रस्तुति ‘रसीदी टिकट’ प्रस्तुत की गई। इसकी आलेख परिकल्पना एवं निर्देशन वरिष्ठ रंगकर्मी सीमा शर्मा ने किया और अमृता प्रीतम की भूमिका भी स्वयं निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा