गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर निकली राष्ट्रीय कलश यात्रा मंडी पहुंची, श्रद्धालुओं ने किया स्वागत
मंडी, 06 अगस्त (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशभर में निकाली जा रही राष्ट्रीय कलश यात्रा गुरुवार को मंडी पहुंची। यात्रा का नेरचौक और मंडी शहर में श्रद्धालुओं तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान गुरु रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने नेरचौक में यात्रा का स्वागत करते हुए कहा कि संत गुरु रविदास जी का पूरा जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि युवाओं को गुरु रविदास जी के आदर्शों और उनके बताए मार्ग को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
इसके बाद यात्रा मंडी शहर पहुंची, जहां पूर्व मंत्री और विधायक अनिल शर्मा ने सकोहड़ी पुल पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ इसका स्वागत किया। यात्रा आगे श्री गुरु रविदास मंदिर, मंडी पहुंची, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इसका स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि गुरु रविदास जी ने मानवता, समानता और हर व्यक्ति के सम्मान का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी का विश्वास था कि ईश्वर प्रत्येक व्यक्ति में निवास करता है, इसलिए सभी के साथ समान व्यवहार होना चाहिए। उनके अनुसार सामाजिक समरसता किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और गुरु रविदास जी के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
रविदास जयंती अभियान की प्रदेश टीम की सदस्य और भाजपा प्रदेश सचिव प्रियंता शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय कलश यात्रा 29 जुलाई को उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित गुरु रविदास जी की जन्मस्थली से शुरू हुई थी। यह यात्रा देश के विभिन्न राज्यों से होते हुए हिमाचल प्रदेश पहुंची है और प्रदेश के सभी जिलों में गुरु रविदास जी के समानता, सामाजिक समरसता और मानव सेवा के संदेश का प्रचार करेगी।
उन्होंने बताया कि मंडी के बाद यह यात्रा जोगिंद्रनगर होते हुए पालमपुर के लिए रवाना होगी। उनके अनुसार यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का अभियान भी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा