रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन के प्रदर्शन की समीक्षा, रिकॉर्ड 2108 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन पर सराहना

 


शिमला, 27 अप्रैल (हि.स.)। शिमला जिला के रामपुर स्थित हाइड्रो पावर स्टेशन के संचालन और वित्तीय प्रदर्शन की समीक्षा के लिए एसजेवीएन और एनएचपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों ने सोमवार को दौरा किया। इस दौरान एसजेवीएन के निदेशक (वित्त) पार्थाजीत डे और एनएचपीसी के निदेशक (वित्त) महेश कुमार शर्मा ने परियोजना की कार्यप्रणाली का जायजा लिया।

रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन पहुंचने पर परियोजना प्रमुख विकास मरवाह और लुहरी हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट के प्रमुख विवेक शर्मा ने अधिकारियों का स्वागत किया। इसके बाद अधिकारियों ने पावर हाउस का दौरा किया और परियोजना की गतिविधियों को करीब से देखा।

दौरे के दौरान विकास मरवाह ने एक विस्तृत प्रस्तुति दी। इसमें रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन के संचालन, उपलब्धियों और वित्तीय स्थिति के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान बिजली उत्पादन को और बेहतर बनाने और कार्यक्षमता बढ़ाने के तरीकों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

एसजेवीएन के निदेशक (वित्त) पार्थाजीत डे ने रामपुर परियोजना के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने 31 मार्च 2026 को हासिल किए गए 2108.033 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन को बड़ी उपलब्धि बताया। साथ ही उन्होंने परियोजना के वाणिज्यिक संचालन के 10 साल पूरे होने पर टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धियां टीम की मेहनत, अनुशासन और बेहतर वित्तीय प्रबंधन को दर्शाती हैं। उन्होंने रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन को देश के बेहतरीन पावर स्टेशनों में से एक बताया और कहा कि आगे भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन जारी रखना जरूरी है।

वहीं, एनएचपीसी के निदेशक (वित्त) महेश कुमार शर्मा ने भी परियोजना की प्रगति की सराहना की। उन्होंने कहा कि तकनीकी दक्षता और मजबूत वित्तीय प्रबंधन के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने टीम को आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने और नए लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

दौरे के दौरा अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा